चक्रवाती तूफान से किसानों पर आर्थिक संकट, लगातार बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान के असर से मुंगेर में पिछले तीन से चार दिनों से हो रही लगातार बारिश ने धान उत्पादक किसानों की कमर तोड़ दी है। फसल बर्बाद होने और कर्ज के बोझ तले दबने की आशंका के बीच प्रभावित किसानों ने मुआवजे की मांग की है..

चक्रवाती तूफान से किसानों पर आर्थिक संकट, लगातार बारिश से धा
चक्रवाती तूफान से किसानों पर आर्थिक संकट- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान के असर से मुंगेर में पिछले तीन से चार दिनों से हो रही लगातार बारिश ने धान उत्पादक किसानों की कमर तोड़ दी है। कटाई के ऐन वक्त पर हुई बारिश के कारण खेतों में जलजमाव हो गया है और पककर तैयार धान की फसल पानी में डूबकर बर्बाद होने लगी है। कहीं कटी हुई फसल सड़ रही है, तो कहीं धान की बालियों में ही अंकुर निकलने लगे हैं, जिससे महीनों की मेहनत और खेती में लगाई गई पूंजी बर्बाद होने से किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।


कटाई व खलिहान पहुंचाने की तैयारी के बीच बिगड़ा मौसम, कई बीघा फसल बर्बाद

मुंगेर में धान की फसल पककर पूरी तरह तैयार थी और कहीं खेतों में कटाई चल रही थी, तो कहीं किसान कटी हुई फसल को खलिहान तक पहुंचाने की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच लगातार बारिश से खेतों में पानी भर जाने के कारण तैयार फसल पानी में डूबकर सड़ने लगी और कई खेतों में धान की बालियों से अंकुर निकलने लगे, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।


कर्ज लेकर की थी खेती, माड़र की मीना देवी समेत अन्य किसानों की उम्मीदों पर फिरा पानी

माड़र की रहने वाली मीना देवी बताती हैं कि उनकी चार बीघा जमीन में लगी और कटी हुई धान की फसल पानी में डूबकर सड़ गई, जबकि कई अन्य किसानों की भी एक से लेकर पांच बीघा तक की फसल बारिश की भेंट चढ़ गई है। किसानों का कहना है कि गरीब परिवारों ने कर्ज लेकर खेती की थी और फसल बिकने के बाद कर्ज चुकाने व परिवार का खर्च चलाने की उम्मीद थी, लेकिन लगातार बारिश ने उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।


खेतों से पानी निकालकर फसल बचाने की जद्दोजहद

बारिश से हुए नुकसान के बीच किसान अब खुद ही खेतों से पानी निकालकर बची हुई फसल को सुरक्षित करने की कोशिश में जुटे हैं। बिना कुमार खेत से पानी निकालकर धान सुखाने में लगे हैं, वहीं सिकंदर यादव की करीब पांच बीघा और सुधीर सिंह की चार बीघा धान की फसल भी बारिश और जलजमाव के कारण बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई है।


प्रभावित किसानों ने की मुआवजे व आर्थिक सहायता की मांग, क्षति आकलन की उम्मीद

लगातार बारिश से फसल बर्बाद होने और कर्ज के बोझ तले दबने की आशंका के बीच प्रभावित किसानों ने प्रशासन व सरकार से मांग की है कि फसल क्षति का आकलन कर उन्हें उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। किसानों का कहना है कि समय पर सहायता मिलने से ही उन्हें इस संकट से उबरने का संबल मिल सकेगा।


इम्तियाज की रिपोर्ट