Bihar Crime News : बांका में संदिग्ध परिस्थिति में महिला की हुई मौत, परिजनों ने दहेज़ के लिए हत्या का लगाया आरोप
Bihar Crime News : बांका में संदिग्ध परिस्थित्ति विवाहिता की मौत हो गयी. उधर मृतिका के परिजनों ने ससुरालवालों पर दहेज़ के लिए हत्या का आरोप लगाया है.....पढ़िए आगे
BANKA : बांका के चांदन प्रखंड के पांडेयडीह गांव में पारिवारिक कलह की वजह से एक बार फिर एक महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय प्रियंका पांडेय के रूप में हुई है, जो जमुई जिले के कल्याणपुर गांव निवासी की पुत्री थी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। प्रियंका की शादी जून 2022 में पांडेयडीह गांव निवासी राज प्रकाश पांडेय से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रियंका पर ₹5 लाख दहेज लाने का दबाव बनाया जा रहा था। पति, सास, ससुर और ननद के द्वारा लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना की जा रही थी।
मृतका के बड़े भाई विवेकानंद पांडेय ने बताया कि बेटी होने के कारण भी प्रियंका को उसके ससुराल में ताने सुनने पड़ते थे। इससे उसका मानसिक तनाव लगातार बढ़ता गया। दो दिन पूर्व पति द्वारा मारपीट की सूचना मिलने के बाद जब प्रियंका के पिता और भाई उसे मायके लाने पहुंचे, तो ससुरालवालों ने उसे भेजने से इनकार कर दिया। परिजनों को देर रात पड़ोसियों से सूचना मिली कि प्रियंका की हत्या कर दी गई है। सुबह जब वे पांडेयडीह गांव पहुंचे, तो प्रियंका मृत अवस्था में पाई गई। मृतका के गले पर रस्सी से खींचने के निशान पाए गए, जिससे परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है।
सूचना मिलने पर चांदन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पति, सास व ससुर को गिरफ्तार कर लिया। थाना अध्यक्ष विष्णु देव कुमार ने बताया कि पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतका के अंतिम संस्कार के दौरान शोक की लहर दौड़ गई। मुखाग्नि छोटे भाई विद्यानंद पांडेय ने दी। मृतका की 9 माह की मासूम बच्ची को पुलिस द्वारा नाना और मामा को सौंप दिया गया है। इस घटना ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि समाज को भी झकझोर कर रख दिया है। क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा और दहेज उत्पीड़न को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट