Bihar News : राजमिस्त्री का काम करनेवाली युवती ने सहेली से रचाई शादी, इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म

Bihar News : बांका जिला के बेलहर थाना क्षेत्र में दो युवतियों के बीच शादी का मामला सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं......पढ़िए आगे

युवती ने सहेली से रचाई शादी - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले के बेलहर थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब और अनोखा मामला सामने आया है, जहां दो युवतियों के आपस में शादी कर लेने की खबर के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां आपस में पक्की सहेलियां हैं और उन्होंने आपसी सहमति से एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला करते हुए कथित तौर पर शादी कर ली है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवतियों में से एक का पहनावा और रहन-सहन पूरी तरह से लड़कों जैसा है। वह अक्सर छोटे बाल रखती है, पैंट-शर्ट पहनती है और अपनी आजीविका चलाने के लिए राजमिस्त्री के साथ मजदूरी का काम भी करती थी। इसी दौरान उसकी नजदीकी अपनी सहेली से काफी बढ़ गई और धीरे-धीरे दोनों का रिश्ता शादी के मोड़ तक पहुंच गया।

दो सहेलियों द्वारा आपस में शादी रचाए जाने की खबर जैसे ही जंगल में आग की तरह फैली, आसपास के इलाकों में यह कौतूहल और बहस का मुख्य विषय बन गया। ग्रामीण और स्थानीय लोग इस अनोखी शादी को लेकर अपने-अपने तरीके से प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। मामले की जानकारी सामने आते ही बेलहर थाना पुलिस हरकत में आई और पूरे घटनाक्रम की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस दोनों युवतियों के संबंध में तथ्यात्मक जानकारियां जुटा रही है और उनके परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल बेलहर थाना पुलिस की जांच जारी है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी पड़ताल के बाद ही मामले की वैधानिक और वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। तब तक दोनों सहेलियों की यह अनोखी शादी पूरे जिले में कौतूहल का केंद्र बनी हुई है।

चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट