यूपी चुनाव 2027: आजमगढ़ सीट पर 9 बार विधायक बने दुर्गा प्रसाद यादव का दबदबा, सपा के मजबूत गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी में भाजपा

उत्तर-प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसबार भी आजमगढ़ विधानसभा सीट महत्वपूर्ण रहने वाली है। 1985 से लगातार क्षेत्र इस सीट सपा के वरिष्ठ नेता दुर्गा प्रसाद यादव का कब्जा रहा है, जिसपर बीेजेपी सेंध लगाने की कोशिश..

यूपी चुनाव 2027: आजमगढ़ सीट पर 9 बार विधायक बने दुर्गा प्रसा
सपा के मजबूत गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी में भाजपा- फोटो : AI जनरेटेड तस्वीर

UP Assembly Election : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं, जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की रणनीति बना रही है, वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) समेत विपक्षी दल सरकार बदलने के लक्ष्य के साथ चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। पूर्वांचल की आजमगढ़ विधानसभा सीट (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 347) इस बार भी सियासी लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है, क्योंकि यह सीट लंबे समय से सपा के वरिष्ठ नेता दुर्गा प्रसाद यादव का मजबूत राजनीतिक आधार रही है।


1985 से अब तक नौ बार दर्ज की जीत, 1996 से लगातार सपा के टिकट पर मिल रही सफलता

आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पांच विधानसभा सीटों में से एक इस सीट पर दुर्गा प्रसाद यादव का प्रभाव काफी पुराना है। वह वर्ष 1985 से लगातार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं और अब तक नौ बार विधायक चुने जा चुके हैं। अपने शुरुआती राजनीतिक दौर में निर्दलीय और जनता पार्टी के टिकट पर विधानसभा पहुंचने वाले दुर्गा प्रसाद यादव ने 1996 से सपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ना शुरू किया, जिसके बाद से इस सीट पर सपा की पकड़ लगातार मजबूत बनी हुई है।


2022 के चुनाव में सपा और भाजपा के बीच हुआ था सीधा मुकाबला, 16 हजार से अधिक मतों से जीती थी सपा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में आजमगढ़ सीट पर सपा और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला था। इस चुनाव में सपा प्रत्याशी दुर्गा प्रसाद यादव ने 1,00,813 वोट हासिल कर भाजपा के अखिलेश कुमार मिश्रा 'गुड्डू' (84,777 वोट) को 16,036 मतों के अंतर से पराजित किया था। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के सुशील कुमार सिंह 39,281 मतों के साथ तीसरे और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अब्दुर्रहमान अंसारी 5,532 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे थे।


विकास, रोजगार और कानून-व्यवस्था के साथ जातीय समीकरण तय करेंगे चुनावी दिशा

आजमगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य, रोजगार, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं और बुनियादी सुविधाएं प्रमुख चुनावी मुद्दे रहे हैं। इसके साथ ही क्षेत्र के जातीय समीकरण और स्थानीय स्तर पर उम्मीदवारों की लोकप्रियता भी चुनाव परिणाम को प्रभावित करने में निर्णायक भूमिका निभाती है।


पूर्वांचल की राजनीति का केंद्र रहा है आजमगढ़, 2027 में दिखेगा दिलचस्प मुकाबला

आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के सामने सपा के इस पारंपरिक गढ़ को चुनौती देने की बड़ी जिम्मेदारी होगी, जबकि सपा अपने पुराने राजनीतिक प्रभाव और दुर्गा प्रसाद यादव के जनाधार को बरकरार रखने की कोशिश करेगी। समाजवादी राजनीति का प्रभावशाली केंद्र रहे आजमगढ़ जिले की इस सीट पर होने वाला मुकाबला पूरे पूर्वांचल के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।