बांका में अवैध बालू खनन पर प्रशासन का शिकंजा: 4 वाहन जब्त, 4.80 लाख का जुर्माना

बांका में अवैध बालू खनन पर प्रशासन का शिकंजा- फोटो : चन्द्रशेखर भगत

Banka : जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन और खनन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। समाहर्ता के निर्देश पर गुरुवार को खनन विभाग की टीम ने जमदाहा और बांका थाना क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाकर अवैध बालू परिवहन में लगे 4 वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त वाहनों पर कुल 4.80 लाख का जुर्माना लगाया गया है तथा संबंधित धाराओं में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।


रजौन में रास्ता काटकर किया गया अवरुद्ध

अवैध खनन पर नकेल कसने के लिए रजौन थाना क्षेत्र के चकरौशन में विशेष कदम उठाया गया। बालू माफियाओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले चोर रास्तों और संभावित मार्गों की पहचान कर उन्हें काटकर पूरी तरह बंद कर दिया गया। इस प्रशासनिक कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य उन वैकल्पिक रास्तों को समाप्त करना है जिनके ज़रिए अवैध बालू की ढुलाई की जा रही थी।


माफियाओं के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

जिला खनन पदाधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि अवैध बालू उत्खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। समाहर्ता के निर्देशानुसार ऐसे सभी रास्तों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है और जरूरत पड़ने पर उन्हें ध्वस्त या अवरुद्ध किया जाएगा। लगातार हो रही इस कड़ी कार्रवाई से जिले के बालू माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है।


चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट