Bihar News:अब दफ्तरों के चक्कर खत्म! गांव तक पहुंचा प्रशासन, सहयोग शिविर में ग्रामीणों को मिली राहत, अफसरों को मिला टारगेट

Bihar News: ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र, पेंशन, आवास योजना, राशन कार्ड जैसी सेवाओं का मौके पर ही लाभ मिल रहा है।

अब पंचायत में ही समस्या का समाधान- फोटो : SOCIAL MEDIA

Bihar News: सहयोग शिविर के तहत अमरपुर प्रखंड की फतेहपुर पंचायत भवन में आयोजित शिविर में उस समय प्रशासनिक हलचल तेज हो गई जब प्रेम सिंह मीणा ने शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान पूरे कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और त्वरित समाधान का भरोसा दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रेम सिंह मीणा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन बिना किसी देरी के किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा यही है कि जनता की समस्याओं का समाधान जमीनी स्तर पर ही हो, ताकि लोगों को प्रखंड या जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने यह भी बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में प्रशासन को अधिक सुलभ और जवाबदेह बनाना है। इसके तहत पंचायत स्तर पर ही आम जनता की शिकायतों का निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को 30 दिनों के भीतर निपटाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस पहल से स्थानीय लोगों में उत्साह और राहत दोनों देखने को मिली। ग्रामीणों ने बताया कि पहले छोटे-छोटे कामों के लिए उन्हें ब्लॉक और जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन अब पंचायत स्तर पर ही कई सेवाएं उपलब्ध होने से उनकी परेशानियां काफी हद तक कम हो रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान भागलपुर प्रमंडल प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रमंडलीय आयुक्त के आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया, जिससे पूरे आयोजन का माहौल औपचारिक और गरिमामय बना रहा। इस आयोजन को ग्रामीण प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में पंचायत स्तर पर ही त्वरित न्याय और समाधान की व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- चंद्रशेखर भगत