बालू घाट पर खनन टीम पर जानलेवा हमला में बड़ी कार्रवाई, दो दर्जन से अधिक पर प्राथमिकी

जिला खनन पदाधिकारी बलवंत कुमार एवं खनन निरीक्षक प्रीति सिन्हा के नेतृत्व में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम रामपुर बालू घाट पर अवैध बालू खनन के विरुद्ध छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी दौरान हमला हुआ

attack on mining team in Banka- फोटो : news4nation

Bihar News :  बांका जिला के रजौन थाना क्षेत्र के रामपुर बालू घाट पर अवैध बालू खनन के खिलाफ गुरुवार को कार्रवाई करने पहुंची जिला खनन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम पर बालू माफियाओं ने सुनियोजित हमला कर दिया। सरकारी कार्य में बाधा डालने के उद्देश्य से किए गए पथराव में एक पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था  जबकि सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया था घटना के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्थानीय थाना के पुलिसों के द्वारा पहचान कर 24 नामजद समेत दो दर्जन से अधिक लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर व्यापक गिरफ्तारी अभियान शुरू कर दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को जिला खनन पदाधिकारी बलवंत कुमार एवं खनन निरीक्षक प्रीति सिन्हा के नेतृत्व में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम रामपुर बालू घाट पर अवैध बालू खनन के विरुद्ध छापेमारी अभियान चला रही थी। अचानक  इसी दौरान 10 से 15 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे बालू तस्करों ने टीम को घेर लिया और कार्रवाई का विरोध करते हुए अचानक हमला बोल दिया। देखते ही देखते हमलावरों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


हमले में पुलिस जवान मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पथराव के दौरान सरकारी वाहन को भी क्षति पहुंचाई गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।


सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर कसा शिकंजा

घटना को  लेकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती मानते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा कई आरोपितों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


अवैध खनन पर आर्थिक प्रहार

जिला प्रशासन ने बिहार खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) नियमावली, 2019 एवं संशोधित प्रावधानों के तहत संबंधित आरोपितों पर कुल 4 लाख 35 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया है। इसके अतिरिक्त सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पथराव करने तथा जानलेवा हमला करने जैसी गंभीर धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है।


प्रशासन का स्पष्ट संदेश

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू खनन के विरुद्ध अभियान और तेज किया जाएगा। सरकारी टीम पर हमला करने, कानून हाथ में लेने तथा राजस्व को क्षति पहुंचाने वाला असामाजिक तत्वों  के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी और छापेमारी अभियान चला रही है।


प्राथमिकी में नामजद प्रमुख आरोपित

पंकज यादव, राहुल यादव, ब्रजेश यादव, कनवाली यादव, मो. शादाब, मो. आफताब, बबलू, लालू यादव, अभिषेक यादव, अवधेश यादव, राजेश यादव, टुनटुन यादव, फंटूश यादव उर्फ कुरवा यादव, विभास यादव, सुभाष यादव, मनीष यादव, संतोष यादव, मिथलेश यादव, मन्नू यादव, पियूष यादव, विलाश यादव, दिवानी यादव, मिथलेश यादव,राजेश यादव  एवं अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।


बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट