Banka Accident: बांका में अवैध खनन बना जानलेवा! किशोर की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूटा

Banka Accident: बांका में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इस दौरान ग्रामीणों में आक्रोश आ गया। स्थानीय लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

बांका में दर्दनाक हादसा- फोटो : news4nation

Banka Accident: बांका जिले के पंजवारा थाना क्षेत्र में बुधवार (15 अप्रैल 2026) की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक 16 साल के किशोर की जान चली गई। यह घटना सबलपुर पंचायत के जख बाबा स्थान के पास करीब शाम 5 बजे हुई, जब अवैध बालू लेकर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर युवक को कुचलता हुआ निकल गया।

मृतक की पहचान सबलपुर गांव के रहने वाले अनिल यादव उर्फ पोलो यादव के बेटे विपिन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नदी से अवैध तरीके से बालू लेकर एक ट्रैक्टर तेजी से जा रहा था। उसी दौरान विपिन वहां मौजूद था और ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार में मातम का माहौल

घटना के तुरंत बाद परिजन और गांव के लोग उसे इलाज के लिए बौंसी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टर अर्चना कुमारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध बालू खनन और उसकी ढुलाई का काम खुलेआम चल रहा है। उनका आरोप है कि यह पूरा काम किसी प्रभावशाली व्यक्ति के संरक्षण में हो रहा है, जिसके कारण ट्रैक्टर चालक बिना किसी डर के तेज रफ्तार में गाड़ियां चलाते हैं।

अवैध बालू खनन पर रोक लगाने की मांग

हैरानी की बात यह है कि घटना के कई घंटे बाद तक पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी। रात करीब 10 बजे जब पंजवारा थाना के प्रभारी चंदन कुमार से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। इस घटना के बाद गांव के लोगों में काफी गुस्सा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध बालू खनन पर तुरंत रोक लगाई जाए और इस हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

बांका से चंद्रशेखर की रिपोर्ट