बांका में मौत का हाईवे, अज्ञात वाहन ने 4 बाइक सवारों को रौंदा, दो की मौके पर मौत, दो की हालत नाजुक

Bihar Road Accident: बांका जिले में भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग उस वक्त मौत का मंजर बन गया, जब तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।

मौत का हाईवे- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: बांका जिले में भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग बुधवार देर रात उस वक्त मौत का मंजर बन गया, जब तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा बाराहाट थाना क्षेत्र के लीलावरण गांव के समीप हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में पूरा इलाका अफरातफरी में तब्दील हो गया।बताया गया कि दो मोटरसाइकिलों पर चार युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे या सामने से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में बौंसी मेला ग्राउंड निवासी मोहम्मद छोटू और दलिया गांव, बौंसी निवासी राहुल कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं दलिया गांव निवासी आकाश कुमार (19), पिता नन्हे साह और आदित्य कुमार, पिता पिंटू गोस्वामी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

बाराहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराहाट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के हिस्से और मलबा फैल गया। इसके कारण भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे की खबर फैलते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया। काफी मशक्कत के बाद मार्ग पर आवागमन दोबारा शुरू कराया गया।बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार के अनुसार हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ संभावित साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने में लगी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की गई है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर भागलपुर-दुमका मार्ग पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही हादसे में दो परिवारों ने अपने जवान बेटों को खो दिया, जबकि दो युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।फिलहाल पुलिस का शिकंजा उस अज्ञात वाहन चालक तक पहुंचने की कोशिश में है, जिसने कथित तौर पर चार बाइक सवारों को अपनी चपेट में लिया। वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट