Banka Liquor Seizure: बांका में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ की शराब जब्त, चालक गिरफ्तार

Banka Liquor Seizure: बांका में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उन्होंने भलजोर चेक पोस्ट से एक करोड़ की विदेशी शराब जब्त किया है। इस दौरान ट्रक चालक गिरफ्तार कर लिया है।

होली से पहले शराब माफिया पर शिकंजा- फोटो : news4nation

Banka Liquor Seizure: बांका जिले में होली पर्व से पहले शराब माफियाओं की एक बड़ी साजिश को उत्पाद विभाग ने नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में विभाग की टीम ने करीब एक करोड़ रुपये की विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान शराब से लदा एक ट्रक भी पकड़ा गया और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह कार्रवाई दुमका–भागलपुर मुख्य सड़क पर स्थित भलजोर चेक पोस्ट पर की गई। उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से भारी मात्रा में शराब एक ट्रक के जरिए बांका होते हुए बिहार के दूसरे जिलों में भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग ने पुलिस के साथ मिलकर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने पीछा कर ट्रक पकड़ा

इसी दौरान दुमका की तरफ से आ रहे एक 12 चक्का ट्रक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने तुरंत पीछा कर कुछ दूरी पर ट्रक को पकड़ लिया। जब ट्रक की तलाशी ली गई तो सभी हैरान रह गए।

धान की भूसी के नीचे छिपाकर रखी विदेशी शराब

ट्रक में धान की भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई 1134 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 1097 लीटर बताई जा रही है। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान सुनील साहनी, निवासी मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह झारखंड से शराब लेकर मोतिहारी जा रहा था, जहां इसकी डिलीवरी होनी थी। हालांकि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी में कौन-कौन शामिल हैं।

शराब माफिया करने वाले हैं अवैध शराब की सप्लाई 

बताया जा रहा है कि होली को देखते हुए शराब माफिया अवैध शराब की सप्लाई बढ़ाने में लगे हुए हैं। लेकिन बांका उत्पाद विभाग और पुलिस की सतर्कता के कारण उनके मंसूबे बार-बार नाकाम हो रहे हैं। इससे पहले भी जिले के बाराहाट और रजौन थाना क्षेत्र से दो ट्रक शराब जब्त किए जा चुके हैं। इस कार्रवाई में एएसआई सुजीत पासवान, एएसआई भूपेंद्र कुमार सिंह, एएसआई संजय पासवान समेत पुलिस बल की अहम भूमिका रही। जिले के एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने टीम की सराहना की और कहा कि होली के दौरान शराब तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। फिलहाल जब्त शराब और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट