Bihar News : बांका न्यायमंडल ने कोर्ट केसों के निपटारे में बनाया नया रिकॉर्ड, 1,359 लंबित वादों का हुआ निष्पादन

Bihar News : बांका में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 18,845 मामलों का निष्पादन किया गया. वहीँ 9.18 करोड़ रूपये की रिकवरी की गयी है........पढ़िए आगे

लम्बित मामले निपटाने का रिकॉर्ड - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NLSA) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BLSA) के निर्देशन में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बांका की ओर से राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में बड़ी संख्या में लंबित न्यायालयीन वादों और प्री-लिटिगेशन मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निष्पादन किया गया। इस दौरान कुल 18,845 मामलों का निष्पादन हुआ और विभिन्न मामलों में कुल 9 करोड़ 18 लाख 21 हजार रुपये की रिकवरी/समझौता राशि दर्ज की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिला एवं सत्र  न्यायाधीश-द्वितीय सह प्रभारी जिला जज सूर्यकान्त तिवारी एवं जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत की उपयोगिता और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोक अदालत आम लोगों को त्वरित, सुलभ और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का निष्पादन होने से पक्षकारों का समय और धन दोनों बचता है तथा विवादों का शीघ्र समाधान संभव होता है।

18,845 मामलों का हुआ निपटारा

राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जिले में विभिन्न बेंचों का गठन किया गया था। इन बेंचों के माध्यम से न्यायालय में लंबित वादों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन मामलों की सुनवाई एवं निष्पादन किया गया। कुल निष्पादित 18,845 मामलों में 1,359 कोर्ट केस और 17,486 प्री-लिटिगेशन मामले शामिल रहे। न्यायालय से संबंधित 1,359 मामलों में 955 आपराधिक सुलहनीय वादों का निष्पादन किया गया। वहीं विभिन्न विभागों एवं संस्थानों से जुड़े मामलों का भी बड़ी संख्या में निपटारा किया गया।

यातायात चालान के 2,549 मामलों का निष्पादन

यातायात चालान से जुड़े मामलों में भी लोक अदालत का व्यापक असर देखने को मिला। इस दौरान 2,549 मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें 2 करोड़ 24 लाख 79 हजार रुपये की राशि की रिकवरी हुई। विद्युत विभाग से संबंधित 497 मामलों का निष्पादन करते हुए 31 लाख 84 हजार रुपये की रिकवरी की गई। इसके अलावा वन विभाग के 5 मामलों, माप-तौल विभाग के 5 मामलों तथा खनन विभाग से संबंधित 261 मामलों का भी निष्पादन किया गया।

बैंकों से जुड़े 2,837 मामलों का निपटारा

बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े मामलों में भी उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई। विभिन्न बैंकों से संबंधित 2,837 वादों का निष्पादन किया गया। इन मामलों में कुल 4 करोड़ 41 लाख 48 हजार 425 रुपये की रिकवरी हुई। बड़ी संख्या में बैंकिंग एवं अन्य प्री-लिटिगेशन मामलों के समाधान से संबंधित पक्षकारों को राहत मिली।

कोर्ट केस के निष्पादन में नया रिकॉर्ड

इस बार की राष्ट्रीय लोक अदालत की सबसे बड़ी उपलब्धि कोर्ट केसों के निष्पादन में नया रिकॉर्ड बनना रहा। इससे पहले मई माह में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 562 कोर्ट केस तथा मार्च माह में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत में 642 कोर्ट केस का निष्पादन हुआ था। इसके मुकाबले इस बार 1,359 कोर्ट केसों का निष्पादन किया गया, जो पिछले दोनों आयोजनों की तुलना में काफी अधिक है। इस प्रकार बांका न्यायमंडल ने न्यायालय में लंबित मामलों के निष्पादन के मामले में नया रिकॉर्ड कायम किया है।

आम लोगों को मिली त्वरित राहत

राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बड़ी संख्या में मामलों के त्वरित निष्पादन से आम लोगों को राहत मिली। लंबे समय से लंबित विवादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर समाधान होने से पक्षकारों को न्यायालय की लंबी प्रक्रिया और अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिली। आयोजन को सफल बनाने में न्यायिक पदाधिकारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के व्यापक निष्पादन को बांका न्यायमंडल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट