Bihar News : बांका पुलिस ने 6 कांडों के आरोपी कुख्यात शुभम भट्टाचार्य को साथी संग किया गिरफ्तार, अवैध हथियारों का जखीरा किया बरामद

Bihar News : बांका पुलिस ने डूमरामा गांव में एक मकान की घेराबंदी कर दो अपराधियों को दबोच लिया। वहीँ भारी मात्रा में अवैध हथियार भी बरामद किया है......पढ़िए आगे

हथियारों का जखीरा बरामद - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : बांका पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमरपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर डूमरामा गांव स्थित एक  मकान में छापेमारी कर हथियारों के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में डूमरामा निवासी शुभम कुमार उर्फ शुभम भट्टाचार्य उर्फ शुभम कुमार झा (31) और मो. तेहारत (20) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, दो देसी मस्कट, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर  मकान की घेराबंदी

थानाध्यक्ष राकेश कुमार के अनुसार, 19 सितंबर को करीब दोपहर 2:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि डूमरामा गांव में वसीर के  मकान में कुछ अपराधी हथियारों के साथ किसी आपराधिक वारदात की तैयारी में जुटे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मकान की घेराबंदी की और अंदर मौजूद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मकान और आसपास के स्थानों की तलाशी ली, जिसमें हथियार और कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में अमरपुर थाना कांड संख्या 594/26 दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पिस्टल, दो मस्कट और कट्टा बरामद

पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान मैगजीन सहित एक देसी पिस्टल, दो देसी मस्कट, एक देसी कट्टा तथा छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इनमें 7.65 एमएम के दो और 8 एमएम के चार कारतूस शामिल हैं। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत और आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जांच कर रही है।

कई जिलों में दर्ज हैं शुभम के खिलाफ मामले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शुभम कुमार उर्फ शुभम भट्टाचार्य का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अमरपुर, भागलपुर, मुंगेर और नवगछिया क्षेत्र के विभिन्न थानों में लूट, डकैती की योजना और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमरपुर थाना में आर्म्स एक्ट का मामला, भागलपुर के इशाकचक थाना में डकैती की योजना एवं आर्म्स एक्ट का मामला तथा मुंगेर के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में लूट का मामला दर्ज है। इसके अलावा भागलपुर के कोतवाली व तिलकामांझी तथा नवगछिया के इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में भी वर्ष 2014 के लूट से जुड़े मामले में उसका नाम सामने आया है।

दो अन्य कार्रवाई में भी हथियार बरामद

अमरपुर पुलिस ने हाल के दिनों में हथियारों के खिलाफ अभियान के दौरान दो अन्य मामलों में भी कार्रवाई की है। 13 सितंबर को बादशाहगंज चौक के पास गश्ती के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे रुद्र चौधरी उर्फ भोली चौधरी, निवासी गोपालपुर, को खदेड़कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा और मोबाइल बरामद किया गया। इस संबंध में अमरपुर थाना कांड संख्या 577/26 दर्ज किया गया।वहीं, 18 सितंबर को पुलिस ने लोगय गांव में छापेमारी कर झुको देवी, पति रिंकू कुवर, को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा और कारतूस बरामद होने की बात पुलिस ने बताई। इस मामले में अमरपुर थाना कांड संख्या 591/26 दर्ज किया गया है।

आपराधिक नेटवर्क की भी हो रही जांच

लगातार मिल रही हथियार बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इनका इस्तेमाल किन आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था। गिरफ्तार आरोपितों के संपर्क में रहे अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

कार्रवाई में पु.नि.-सह-थानाध्यक्ष राकेश कुमार, पु.अ.नि. सुशील कुमार, कन्हैया कुमार, शरद श्रीकांत, ब्रजेश कुमार सिंह, पीटीसी राकेश कुमार राय, पूजन कुमार, बीएसएपी महेश कुमार दास, धर्मेंद्र कुमार दास तथा महिला सिपाही दीपा कुमारी और काजल कुमारी शामिल थीं।

बांका से चंद्रशेखर कुमार की रिपोर्ट