Bihar Crime : बांका में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, घर में छिपाकर रखी गई दो देसी 'मस्केट' किया बरामद, मौके से युवक को किया गिरफ्तार
Bihar Crime : बांका में की गयी कार्रवाई में पुलिस ने एक घर से दो अवैध देसी बंदूकें (मस्केट) बरामद की हैं और एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है.......पढ़िए आगे
BANKA : जिले के नवादा बाजार ओपी क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से दो अवैध देसी बंदूक (मस्केट) बरामद की है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 मई 2026 को नवादा बाजार ओपी पुलिस को सूचना मिली थी कि गोराडीह गांव स्थित एक घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोराडीह निवासी ओंकार मंडल के पुत्र अमित कुमार (32 वर्ष) के घर की तलाशी ली। जांच के क्रम में घर की छत के ऊपर बने एक कमरे में रखी पेटी से दो काले रंग की देसी मस्केट बरामद की गई। बरामद हथियारों में एक मस्केट की लंबाई लगभग 62 इंच बताई गई है, जबकि दूसरी मस्केट करीब 54 इंच लंबी है। एक हथियार पर “OK-90-Z7” अंकित पाया गया।
पुलिस ने मौके से आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध नवादा बाजार ओपी में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक शक्ति पासवान, परमेश यादव, अनुसंधानकर्ता दशरथ कुमार सहित कई पुलिसकर्मी एवं चौकीदार शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिससे बड़ी सफलता हाथ लगी।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट