कुरकुरे के बोरों के नीचे छिपा था शराब का खजाना, लाखों की विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime: शराब तस्करों की एक बड़ी चालाकी मद्यनिषेध विभाग की सतर्कता के आगे धरी रह गई। ...

लाखों की विदेशी शराब बरामद- फोटो : reporter

Banka: शराब तस्करों की एक बड़ी चालाकी मद्यनिषेध विभाग की सतर्कता के आगे धरी रह गई। बांका जिले के बौसी थाना क्षेत्र स्थित भलजोर चेकपोस्ट पर जांच के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए शराब की बोतलों को कुरकुरे और चिप्स के बोरों के नीचे छिपाकर रखा था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पूरा खेल उजागर हो गया।

मद्यनिषेध विभाग की टीम ने सहायक अवर निरीक्षक रोशन कुमार के नेतृत्व में भलजोर चेकपोस्ट पर झारखंड के हंसडीहा की ओर से आ रहे टाटा कंपनी के छह चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक के पिछले हिस्से में तिरपाल से ढके कुरकुरे के बोरों के नीचे छिपाई गई शराब की खेप मिली।तलाशी में ट्रक से क्लासिक ओल्ड हैबिट व्हिस्की ब्रांड की 8,568 बोतल बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा 2,824.200 लीटर बताई जा रही है। शराब की इस बड़ी खेप को देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान गंगाधर यादव, पिता शंकर यादव, निवासी चिहुंटिया, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा (झारखंड) के रूप में हुई है।मद्यनिषेध विभाग ने शराब ढोने में इस्तेमाल किए गए टाटा कंपनी के छह चक्का ट्रक को भी जब्त कर लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पूरे मामले की जांच मद्यनिषेध निरीक्षक रंजीव कुमार झा के नेतृत्व में की जा रही है।

भलजोर चेकपोस्ट पर हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। विभाग अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि झारखंड-बिहार सीमा पर निगरानी और वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि शराब तस्करी के इस अवैध कारोबार पर लगाम लगाई जा सके।मद्यनिषेध विभाग की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि तस्कर चाहे कितनी भी चालाकी क्यों न करें, कानून की नजर से बचना आसान नहीं है।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट