Banka News: SP अमितेश कुमार ने अमरपुर थाने का किया निरीक्षण,गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर नजर रखने के निर्देश

बांका के एसपी अमितेश कुमार ने अमरपुर थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने, जेल से छूटे अपराधियों पर पैनी नजर रखने और फरियादियों की समस्याओं के जल्द निस्तारण का निर्देश दिया।

बांका एसपी ने अमरपुर थाने का किया निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश- फोटो : Reporter

बांका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेश कुमार ने शनिवार को अमरपुर थाने का वार्षिक एवं औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने में लंबित पड़े विभिन्न आपराधिक मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि मुख्यालय स्तर से निर्देशित सभी पुराने व पेंडिंग केसों का तेजी से अनुसंधान कर उनका प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निष्पादन किया जाए।


पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर पैनी नजर रखने का फरमान

क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एसपी अमितेश कुमार ने गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हाल के दिनों में जेल से बाहर आए चिन्हित अपराधियों की गतिविधियों पर पुलिस लगातार पैनी नजर रखे। किसी भी संभावित आपराधिक घटना की रोकथाम के लिए पुलिस तंत्र को हर समय सतर्क और अलर्ट मोड पर रहने की आवश्यकता है।

आम जनता के लिए थाने में उपस्थिति और संवेदनशीलता पर जोर

निरीक्षण के दौरान पुलिस कप्तान ने थाने में आम जनता की समस्याओं के समाधान और जन-शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों की हर समय मजबूत मौजूदगी पर बल दिया ताकि फरियादियों को न्याय के लिए भटकना न पड़े। एसपी ने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ बेहतर समन्वय और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी।

अभिलेखों की जांच और थाना परिसर का जायजा

एसपी ने अमरपुर थाने के सिरस्ता, मालखाना, हाजत और विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया। रखरखाव और स्वच्छता का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दिए गए निर्देशों का पालन न करने वाले अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बांका से चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट