बांका में एक्शन में एसपी: अमितेश कुमार ने किया SDPO दफ्तर और बौंसी थाना का औचक निरीक्षण

बांका में पुलिस प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए एसपी अमितेश कुमार एक्शन मोड में है।एसपी ने बौंसी थाना और SDPO कार्यालय का किया औचक निरीक्षण। लंबित मामलों के जल्द निपटारे और गश्त बढ़ाने के दिए सख्त निर्देश दिए साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

बांका एसपी अमितेश कुमार ने बौंसी थाना और SDPO कार्यालय का किया औचक निरीक्षण- फोटो : Reporter

बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने सोमवार को बौंसी थाना एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। एसपी के औचक निरीक्षण की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारी मुस्तैद नजर आए। इस दौरान एसपी ने थाने के विभिन्न अभिलेखों, पंजियों, लंबित कांडों की फाइलों, मालखाना और हाजत सहित संपूर्ण व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।


लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और अनुसंधान में तेजी के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने में पड़े पुराने लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी केस के अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्रवाई को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। इसके साथ ही क्षेत्र में गश्ती दल को 24 घंटे अलर्ट रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का आदेश दिया गया।

फरियादियों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की ताकीद

 एसपी अमितेश कुमार ने आम जनता से जुड़ी समस्याओं के निवारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने में अपनी फरियाद लेकर आने वाले नागरिकों की बातों को गंभीरता से सुना जाए और उनकी शिकायतों पर त्वरित व पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इससे आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और साख मजबूत होगी।


SDPO कार्यालय के रख-रखाव और कार्यप्रणाली की समीक्षा

थाने के बाद एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय के भवन, पंजियों तथा शासकीय अभिलेखों के रख-रखाव का भी जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को फाइलों के व्यवस्थित रख-रखाव और रोजाना के कामकाज में अधिक पारदर्शिता लाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण में मौजूद रहे कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी

इस औचक निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ बौंसी इंद्रजीत बैठा, अंचल निरीक्षक मनीष कुमार, बौंसी थानाध्यक्ष पंकज झा और बांका थानाध्यक्ष सुधीर कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे। एसपी के इस कड़े रुख से आने वाले दिनों में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था में सुधार और पुलिसिंग में अधिक तत्परता आने की उम्मीद जताई जा रही है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार की रिपोर्ट