Bihar News: बांका में पुलिस का सख्त पहरा,पर्व-त्योहारों पर हुड़दंगियों की खैर नहीं, एसपी अमितेश कुमार ने खुद संभाली कमान

Bihar News: पर्व-त्योहारों की रौनक के बीच आम जनजीवन की हिफाजत और विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरस्त बनाए रखने के लिए बांका पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। ....

एसपी ने खुद संभाली चेकिंग की कमान- फोटो : reporter

Bihar News: पर्व-त्योहारों की रौनक के बीच आम जनजीवन की हिफाजत और विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरस्त बनाए रखने के लिए बांका पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के वास्ते जिला प्रशासन ने सुरक्षा का एक अचूक खाका तैयार किया है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने खुद कमान संभालते हुए मोर्चे पर डट जाने का संदेश दिया है। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा है कि सुरक्षा इंतजामों में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं एसपी

सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े तमाम कार्यों का संचालन शत-प्रतिशत प्रभावी ढंग से हो, इसके लिए एसपी अमितेश कुमार व्यक्तिगत तौर पर इसकी मॉनीटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने तमाम पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को विशेष सतर्कता बरतने का कड़ा निर्देश दिया है। जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम अवाम की हिफाजत और अमन-चैन को कायम रखना है, ताकि लोग बिना किसी डर के अपने पर्व-त्योहार मना सकें।

सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक रहेगी विशेष चौकसी

इस विशेष अभियान के तहत एसपी बांका ने निर्देश दिया है कि प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिले के तमाम वरीय पदाधिकारी एसपी से लेकर डीएसपी स्तर तक के अधिकारी सड़कों पर पूरी तरह सक्रिय रहेंगे। इस समयावधि में थानों की गश्ती गाड़ियां, चेकिंग दल और 'पुलिस दीदी' की सक्रियता का भौतिक सत्यापन किया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। इसके साथ ही यह भी जायजा लिया जा रहा है कि राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों का धरातल पर शत-प्रतिशत अनुपालन हो रहा है या नहीं।

अमरपुर में एसपी ने खुद संभाली चेकिंग

निर्देशों के क्रियान्वयन को अमलीजामा पहनाने के लिए एसपी अमितेश कुमार ने खुद ज़मीनी स्तर पर उतरकर पड़ताल शुरू कर दी है। आज उन्होंने अमरपुर थाना क्षेत्र के पास खुद खड़े होकर वाहनों की चेकिंग की। इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिस वाहनों की गतिशीलता और उनकी सक्रियता का जायजा लेने के लिए खुद क्षेत्र का भ्रमण किया और मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

इस संपूर्ण सुरक्षा चक्र में बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। एसपी ने विशेष तौर पर पुलिस दीदी को महिलाओं की हिफाजत के मोर्चे पर और अधिक एक्टिव रहने का निर्देश दिया है। बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और पूजा पंडालों के आसपास सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि बदमाशों और मनचलों पर पैनी नजर रखी जा सके और महिलाओं को एक सुरक्षित माहौल मिल सके।

पुष्कर प्रवीण की रिपोर्ट