Bihar News: आधी रात थाने में बांका SP की दस्तक, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप,बेहतर कानून-व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश
Bihar News: कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने तथा पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने देर रात अमरपुर थाना का औचक निरीक्षण किया।...
Banka: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने तथा पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने देर रात अमरपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। आधी रात एसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना परिसर में मौजूद पुलिस पदाधिकारी और कर्मी तत्काल अलर्ट मोड में आ गए, जबकि निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के कामकाज की गहन समीक्षा करते हुए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, रात्रि गश्ती व्यवस्था, लंबित कांडों की जांच तथा अपराध नियंत्रण से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लंबित मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही वारंट और कुर्की से जुड़े मामलों में तेजी लाने तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अमरपुर थाना को आदर्श थाना के रूप में विकसित करने के लिए इसे उनके द्वारा गोद लिया गया है। इसी उद्देश्य से थाना की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच भरोसे का रिश्ता मजबूत करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।निरीक्षण के दौरान एसपी ने अपराध पंजी, भूमि विवाद रजिस्टर, गुंडा पंजी, सक्रिय अपराधियों के रिकॉर्ड, लंबित केस डायरी तथा वारंट निष्पादन की स्थिति का भी बारीकी से अवलोकन किया। जहां भी कमियां मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली तथा हाजत का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थाना में आने वाले हर फरियादी के साथ शालीनता, संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।इसके अलावा एसपी ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और आम लोगों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अमरपुर थाना को ऐसा आदर्श थाना बनाया जाएगा, जहां आम नागरिक बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें और उन्हें त्वरित न्याय की उम्मीद हो।
देर रात हुए इस औचक निरीक्षण को पुलिस प्रशासन की सक्रियता, जवाबदेही और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पुलिस महकमे में अब यह संदेश साफ है कि लापरवाही पर सख्ती होगी और बेहतर पुलिसिंग को ही प्राथमिकता मिलेगी।
रिपोर्ट- चंद्रशेखर भगत