Bihar News : बांका सदर अस्पताल में फार्मासिस्ट की मौत के बाद मचा कोहराम, कर्मियों ने सिविल सर्जन पर प्रताड़ना का लगाया आरोप
Bihar News : बांका सदर अस्पताल के फार्मासिस्ट की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. उन्होंने सिविल सर्जन पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है.....पढ़िए आगे
BANKA : सदर अस्पताल बांका में कार्यरत फार्मासिस्ट मिथिलेश कुमार झा के आकस्मिक निधन से स्वास्थ्य विभाग और उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। इस घटना ने तब गंभीर मोड़ ले लिया जब मृतक के परिजनों ने बांका के सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह पर मानसिक प्रताड़ना और वेतन रोकने का सीधा आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
परिजनों का आरोप: तीन महीने से रुका था वेतन
मृतक की पुत्री काव्या झा ने बिलखते हुए बताया कि उनके पिता पिछले तीन महीनों से गहरे मानसिक तनाव में थे। आरोप है कि सिविल सर्जन द्वारा बिना किसी ठोस कारण के उनका तीन माह का वेतन रोक दिया गया था। साथ ही, उन पर कार्यों का अत्यधिक दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, इसी मानसिक उत्पीड़न के कारण रविवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात, पोस्टमार्टम संपन्न
सोमवार की दोपहर अस्पताल परिसर का माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब शव को देख परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बांका थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार और मजिस्ट्रेट के रूप में बीडीओ चंदन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों द्वारा जिला पदाधिकारी को दिए गए आवेदन के आधार पर, मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
सिविल सर्जन ने साधी चुप्पी
इस गंभीर मामले और आरोपों पर पक्ष जानने के लिए जब सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह से दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। प्रशासन अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गया है।
चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट