Bihar News : बांका में लोडेड देशी कट्टा के साथ बदमाश गिरफ्तार, महिला से मारपीट और सोने की चेन छिनतई का मामला दर्ज

Bihar News : बांका जिला के अमरपुर थाना क्षेत्र के बादशाहगंज गांव के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर लोडेड देशी कट्टा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया.....पढ़िए आगे

युवक गिरफ्तार - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बादशाहगंज गांव के समीप रविवार की शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक को लोडेड देशी कट्टा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपालपुर गांव निवासी अंजन चौधरी के 26 वर्षीय पुत्र रूद्र चौधरी उर्फ भोली चौधरी के रूप में हुई है।

अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बादशाहगंज के पास एक महिला के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो एक युवक पुलिस की गाड़ी देखते ही भागने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी कमर से एक लोडेड देशी कट्टा बरामद हुआ।

वहीं, दूसरी ओर शाहकुंड थाना क्षेत्र के रसुल्ला गांव निवासी बेला खातून उर्फ हेना बेगम ने अमरपुर थाने में लिखित आवेदन देकर दो लोगों पर छिनतई का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, जब वह अमरपुर बाजार आ रही थी, तभी बादशाहगंज के पास दौना गांव निवासी मु. शाहरूख और सुलतानपुर निवासी मु. फारूक ने स्कॉर्पियो से आकर उनका रास्ता रोका, मारपीट की और गले से एक भर सोने की चेन छीन ली। ग्रामीणों को आता देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रूद्र चौधरी एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ अमरपुर थाने में पहले से ही धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज है। फिलहाल गिरफ्तार युवक से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, वहीं पीड़ित महिला के आवेदन के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट