Bihar Crime : बांका में जमीन कारोबारी पर अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, मौके पर हुई मौत, सहयोगी गंभीर रूप से हुआ जख्मी

Bihar Crime : बांका में घात लगाए अपराधियों ने दिनदहाड़े एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि इस हमले में उनका एक सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जमीन कारोबारी की हत्या - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले के रजौन थाना क्षेत्र में सोमवार को अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उसका सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी मिथलेश यादव के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान कुंदन यादव के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मिथलेश यादव जमीन कारोबार से जुड़े हुए थे।

सोमवार को वह अमरपुर से जमीन की रजिस्ट्री कराकर अपने सहयोगी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पत्तीचक गांव के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनकी बाइक रोककर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से मिथलेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुंदन यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल भेजा गया है। 

घटना की सूचना मिलते ही रजौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंचे बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि मृतक जमीन कारोबारी था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने बताया की मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट