Bihar News : बांका में वज्रपात की चपेट में आने से तीन महिलाओं सहित पांच लोगों की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar News : बांका जिले में मंगलवार को आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। जिले के विभिन्न प्रखंडों में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई....पढ़िए आगे

वज्रपात से पांच की मौत - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले में मंगलवार को बारिश के बीच वज्रपात ने जमकर कहर बरपाया। जिले के अलग-अलग हिस्सों में हुई तीन घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। सबसे दर्दनाक हादसा चांदन प्रखंड के सुईया थाना क्षेत्र के बोंड़ा गांव में हुआ, जहां बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ी तीन महिलाओं की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। तीनों महिलाएं आपस में गोतनी थीं। वहीं, उनके साथ मौजूद एक किशोर और एक किशोरी भी गंभीर रूप से झुलस गए। इसके अलावा जमदाहा थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में गाय चराने गए 75 वर्षीय वृद्ध की वज्रपात से मौत हो गई। वहीं, बौसी प्रखंड के काजी कैरी गांव और बौसी नगर पंचायत के वार्ड संख्या सात के सीराय गांव में धान रोपने के दौरान दो लोगों की वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई।

बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़ी थीं तीन महिलाएं, तभी गिरी बिजली

चांदन के बोंड़ा गांव में महिलाएं धान रोपने के काम में जुटी थीं। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए तीन महिलाएं और बच्चे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ पेड़ पर वज्रपात हुआ। बिजली की चपेट में आने से तीनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।

एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत से मचा कोहराम

मृतकों की पहचान बोंड़ा गांव निवासी शंभू यादव की 45 वर्षीय पत्नी कुसमी देवी, टीपन यादव की 35 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी और राजेंद्र यादव की 38 वर्षीय पत्नी रेणु देवी के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं आपस में गोतनी थीं। एक ही परिवार से जुड़ी तीन महिलाओं की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीँ वज्रपात की चपेट में आने से सौरभ कुमार, पिता टीपन यादव और रानी कुमारी, पुत्री स्वर्गीय कार्तिक यादव भी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तत्काल कटोरिया अस्पताल ले जाया गया। सौरभ की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बांका रेफर कर दिया, जबकि रानी कुमारी का उपचार जारी है।

गाय चराने के दौरान वृद्ध पर गिरी बिजली

जमदाहा थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में 75 वर्षीय दीपाली यादव बहियार में गाय चराने गए थे। इसी दौरान बारिश के बीच अचानक वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आ गए। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये। वहीँ बौसी प्रखंड के काजी कैरी गांव में धान रोपने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 50 वर्षीय सूफियाना खातून की मौत हो गई। वहीं, बौसी नगर पंचायत के वार्ड संख्या सात के सीराय निवासी 70 वर्षीय सुरेश यादव भी धान रोपने के दौरान वज्रपात की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।एक ही दिन जिले में वज्रपात से छह लोगों की मौत की घटना से कई गांवों में मातम पसर गया है। मृतकों के परिजनों के बीच चीख-पुकार मची हुई है।

बारिश और गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की अपील

लगातार हुई वज्रपात की घटनाओं ने बारिश के मौसम में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जिला प्रशासन की ओर से वज्रपात से बचाव को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें और किसी सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट