Bihar News : बांका में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से लाखों के गहने की हुई चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News : बांका जिले के बाराहाट बाजार में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान से करीब 3.5 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।

दिनदहाड़े चोरी - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : बांका जिले के बाराहाट बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात बाराहाट बाजार स्थित आराध्या ज्वेलर्स में हुई। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक संदिग्ध युवक दुकान के अंदर से आभूषण लेकर निकलता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार, आराध्या ज्वेलर्स के प्रोपराइटर ललन कुमार साह, पिता नंदकुमार साह मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान वे महज दो मिनट के लिए दुकान के पास स्थित वॉशरूम चले गए। दुकान को खाली पाकर पहले से मौके की ताक में बैठा एक युवक अंदर घुस गया और काउंटर में रखे सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। 

दुकानदार के अनुसार, चोरी गए आभूषणों का वजन करीब 28 ग्राम 750 मिलीग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है। वॉशरूम से लौटने के बाद दुकानदार ने काउंटर पर नजर डाली तो आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक दुकान के अंदर आता और मौका मिलते ही आभूषण लेकर तेजी से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद चोर का पीछा करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन वह मौके से भाग निकलने में सफल रहा।

दिनदहाड़े व्यस्त बाजार में ज्वेलरी दुकान से हुई इस चोरी ने व्यापारियों की सुरक्षा और पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदार की ओर से मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट