Bihar News : बांका के अमरपुर नगर पंचायत के अमरजीत झा मामले में जांच तेज, पंचायती राज पदाधिकारी के निर्देश पर मांगा गया दो दिनों में जवाब
Bihar News : बांका जिले के नगर पंचायत अमरपुर निवासी अमरजीत झा प्रकरण में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। जिला पंचायत राज पदाधिकारी बांका के सख्त निर्देश के बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।
BANKA : अमरपुर नगर पंचायत अमरपुर के वार्ड संख्या-14 से जुड़े अमरजीत झा प्रकरण में जांच की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला पंचायत राज पदाधिकारी, बांका के निर्देश के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्षों से जवाब और जांच प्रतिवेदन मांगा है। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार ने मुख्य पार्षद रीता साह को पत्र भेजकर आवेदन में लगाए गए सभी बिंदुओं की जांच कर दो दिनों के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
वहीं, आवेदनकर्ता अमरजीत झा से भी आरोपों के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण प्रस्तुत करते हुए दो दिनों के अंदर अपना पक्ष रखने को कहा गया है।नगर पंचायत की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि वार्ड संख्या-14 निवासी अमरजीत कुमार के आवेदन के संबंध में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, बांका द्वारा जांच प्रतिवेदन मांगा गया है। पत्र में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, बांका के पत्रांक 1545, दिनांक 17 जुलाई 2026 तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी, भागलपुर प्रमंडल, भागलपुर आयुक्त कार्यालय के पत्रांक 156, दिनांक 25 जून 2026 का भी उल्लेख किया गया है।
कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार ने मुख्य पार्षद को आवेदन में दर्ज सभी आरोपों एवं बिंदुओं की जांच कर निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट देने को कहा है। साथ ही अमरजीत झा को भी अपने आरोपों के समर्थन में प्रमाण और दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि मुख्य पार्षद को पत्र भेजकर मामले में शीघ्र अपना पक्ष एवं जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया है।
मामले को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा दोनों पक्षों से जवाब और जांच रिपोर्ट मांगे जाने के बाद अब जांच के निष्कर्ष पर सभी की नजर टिकी है।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट