Bihar News : सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दारोगा को दी गई अंतिम सलामी, पुलिसकर्मियों की नम हुई आँखें

Bihar News : सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बांका टाउन थाना में पदस्थापित दारोगा सूरज भूषण सिंह को गुरुवार को पुलिस लाइन में पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई......पढ़िए आगे

दारोगा को अंतिम विदाई - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : बांका टाउन थाना में पदस्थापित दारोगा सूरज भूषण सिंह की सड़क हादसे में असमय मौत के बाद गुरुवार को उन्हें बांका पुलिस लाइन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दी गई। इससे पूर्व सुबह करीब 10 बजे सदर अस्पताल में दिवंगत दारोगा के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे की दुखद खबर मिलते ही बिहारशरीफ से उनके परिजन बांका पहुंचे।

सदर अस्पताल परिसर में जैसे ही परिजनों ने दारोगा का पार्थिव शरीर देखा, उनका धैर्य जवाब दे गया और वे दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों के करुण विलाप से अस्पताल परिसर का पूरा माहौल अत्यंत गमगीन हो गया। उपस्थित अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने शोकाकुल परिजनों को संभालने का प्रयास किया, लेकिन सभी की आंखें नम थीं।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी होने के तुरंत बाद दिवंगत दारोगा के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक पुलिस लाइन ले जाया गया। वहां पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार सहित पुलिस विभाग के वरीय अधिकारियों, सहकर्मियों और जवानों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने दिवंगत दारोगा सूरज भूषण सिंह की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और पुलिस सेवा में दिए गए उत्कृष्ट योगदान को याद किया। उपस्थित सहकर्मियों ने कहा कि उनका इस तरह अचानक चले जाना पुलिस विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। पूरी प्रक्रिया के दौरान पुलिस लाइन का माहौल बेहद भावुक बना रहा। अंतिम सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर की औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन नम आंखों के साथ पार्थिव शरीर को अपने पैतृक निवास के लिए ले गए।

रिपोर्ट: चंद्रशेखर कुमार भगत, बांका