Bihar News : बांका में उत्पाद विभाग की टीम को मिली बड़ी कामयाबी, 12 चक्का ट्रक पर लोड लाखों रूपये की शराब किया जब्त, मौके से चालक को किया गिरफ्तार
Bihar News : बांका के बौंसी थाना क्षेत्र के भलजोर चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान टीम ने एक 12 चक्का ट्रक को रोककर उसमें छिपाकर रखी गई 7,767 लीटर से अधिक अवैध विदेशी शराब बरामद की......पढ़िए आगे
BANKA : शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बांका मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को बौंसी थाना क्षेत्र के भलजोर चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक 12 चक्का ट्रक से 7,767 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। शराब की यह बड़ी खेप 874 कार्टन में छिपाकर ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया तथा शराब लदे ट्रक को जब्त कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बांका डीएम अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर जिले में शराब के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को भलजोर चेकपोस्ट, बौंसी में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान भागलपुर की ओर जा रहे टाटा मोटर्स के 12 चक्का ट्रक संख्या JH02BY5343 को संदेह के आधार पर रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद होने से जांच टीम के होश उड़ गए। गिनती और जांच के बाद कुल 874 कार्टन में 7,767.720 लीटर विदेशी शराब बरामद होने की पुष्टि हुई। इसके बाद शराब की पूरी खेप को जब्त करते हुए ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया।
मौके से गिरफ्तार ट्रक चालक की पहचान सतनाम सिंह (24), पिता जसवीर सिंह, निवासी बालानक, थाना तरन तारन, जिला तरन तारन, पंजाब के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस एवं उत्पाद विभाग की टीम शराब की खेप के स्रोत, इसे कहां से लाया गया और बिहार में इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी, समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी जुटा रही है।
मामले में मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की अनुसंधानात्मक एवं कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग की टीम अब शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाने में लगी है। यह कार्रवाई एसआई पियूष कुमार एवं एएसआई धनंजय कुमार तथा भलजोर चेकपोस्ट की टीम के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों के अनुसार, शराब के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ जिले में अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट