अवैध बालू खनन के खिलाफ विभाग की बड़ी कार्रवाई: 11 वाहन जब्त, 12.27 लाख जुर्माना और एफआईआर दर्ज

अवैध बालू खनन के खिलाफ विभाग की बड़ी कार्रवाई- फोटो : चन्द्रशेखर भगत

Banka : जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण करने वाले माफियाओं के खिलाफ खनन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग की विशेष टीम ने बीते सप्ताह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध बालू कारोबारियों और माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है।


खनन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अवैध बालू लदे और परिवहन में शामिल कुल 11 वाहनों को मौक पर ही जब्त कर लिया। इस दौरान विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने और अवैध कारोबार में लिप्त रहने के एवज में कुल 12.27 लाख रुपये का जुर्माना (दंड) अधिरोपित किया है। इसके साथ ही कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित थानों में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।


अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने इस बार सख्त कदम उठाए हैं। खनन टीम ने बालू माफियाओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सभी संभावित अवैध रास्तों को जेसीबी की मदद से कटवाकर पूरी तरह बंद और अवरुद्ध कर दिया है, ताकि इन चोर रास्तों से दोबारा बालू का अवैध धंधा न चलाया जा सके।


मामले की गंभीरता को देखते हुए बांका के जिला अधिकारी (DM) ने अधिकारियों को बालू माफियाओं के खिलाफ लगातार और नियमित रूप से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। जिला प्रशासन का स्पष्ट रुख है कि जिले की प्राकृतिक संपदा की चोरी और अवैध परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बांका के जिला खनन पदाधिकारी बलवंत कुमार ने बताया कि जिले में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी दोषी या माफिया को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट