बांका में अवैध बालू कारोबार पर बड़ा प्रहार: राजौन, धोरैया और बाराहाट में छापेमारी, 4 ट्रैक्टर जब्त, 5.50 लाख का जुर्माना
Banka : जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर अपना कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के स्पष्ट निर्देश पर खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के कई थाना क्षेत्रों में व्यापक और योजनाबद्ध छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध बालू परिवहन में लगे कुल चार ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है।
5.50 लाख का जुर्माना और प्राथमिकी दर्ज
खनन विभाग की टीम ने राजौन, धोरैया और बाराहाट थाना क्षेत्रों से जब्त किए गए सभी चारों ट्रैक्टर चालकों व मालिकों के खिलाफ खनन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की है। विभाग द्वारा जब्त वाहनों पर लगभग ₹5.50 लाख का भारी दंड (फाइन) अधिरोपित किया गया है, साथ ही संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
संवेदनशील इलाकों में लगातार जारी है कॉम्बिंग अभियान
जिला खनन अधिकारी बलवंत कुमार के अनुसार जिले के संवेदनशील और नदियों के तटीय इलाकों को चिन्हित कर नियमित रूप से गश्त और छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों को ताक पर रखकर बालू का अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
जिलाधिकारी का सख्त संदेश: माफियाओं पर कसा शिकंजा
जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने पुलिस और खनन अधिकारियों को बालू माफियाओं के खिलाफ लगातार और कठोर दंडात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि बांका में प्राकृतिक संसाधनों की लूट और अवैध खनन गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध बालू कारोबारियों में मचा हड़कंप
जिला प्रशासन और खनन विभाग की इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से पूरे जिले के अवैध बालू माफियाओं और बिचौलियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस अब जब्त वाहनों के मालिकों और इस अवैध कारोबार के पीछे सक्रिय मुख्य नेटवर्क की पहचान करने में जुटी हुई है।
चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट