Bihar News: साली की शादी में जीजा ने खुद को लगाई आग, शादी की खुशियां मातम में बदलीं, इस कारण उठाया खौफनाक कदम

Bihar News: साली की शादी में शामिल होने आए जीजा ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली।....

साली की शादी में जीजा ने खुद को लगाई आग- फोटो : reporter

Bihar News: साली की शादी में शामिल होने आए जीजा ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। बांका जिले में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब साली की शादी में शामिल होने आए जीजा ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। यह सनसनीखेज घटना अमरपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा गांव की बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है, जो रजौन थाना क्षेत्र के भदरार गांव का रहने वाला है। वह अपनी साली की शादी में शामिल होने परिवार के साथ बभनगामा गांव पहुंचा था। घर में शादी की रस्में चल रही थीं और परिजन खुशी के माहौल में व्यस्त थे। इसी दौरान सूरज कुमार अचानक घर से कुछ दूरी पर स्थित मूंग के खेत में चला गया।

बताया जा रहा है कि युवक ने वहां अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़का और खुद को आग के हवाले कर दिया। कुछ देर बाद उसकी चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक युवक गंभीर रूप से झुलस चुका था।घायल युवक को तुरंत अमरपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

परिजनों ने बताया कि सूरज कुमार नशे का सेवन करता था। हालांकि उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक कुछ दिनों से मानसिक तनाव में भी था, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।इस घटना के बाद शादी का पूरा माहौल गमगीन हो गया। जहां कुछ देर पहले तक बैंड-बाजा और शादी की खुशियां थीं, वहीं अब घर में सन्नाटा और चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार की रिपोर्ट