Bihar Road Accident: तीन महीने पहले ही युवक ने रचाई थी शादी, सड़क हादसे ने उजाड़ा घर

सड़क हादसे ने उजाड़ा घर- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: बांका करझोसा मोड़ के समीप सोमवार की रात करीब नौ बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान करझोसा मोदी टोला निवासी योगेंद्र राय के पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों के मुताबिक, राकेश सोमवार शाम मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में घर से निकले थे। इसी दौरान करझोसा मोड़ के पास उनके दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना परिवार को मिली। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल राकेश को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका

परिजनों ने आशंका जताई है कि राकेश की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि हादसा किस वाहन से और किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस दुर्घटना के कारणों और इसमें शामिल वाहन की जानकारी जुटाने में लगी है।

तीन माह पहले हुई थी शादी

राकेश की शादी करीब तीन माह पहले ही हुई थी। परिवार के मुताबिक, वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे। शादी के कुछ ही समय बाद सड़क हादसे में उनकी मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घर में जहां कुछ समय पहले शादी की खुशियां थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों की भीड़ अस्पताल और मृतक के घर पर जुट गई। हादसे ने परिवार के सामने अचानक ऐसा दुख खड़ा कर दिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट