‘नीतीश संवाद-जीविका के 20 साल बेमिसाल’: दामोदर रावत ने कहा-एनडीए सरकार महिलाओं को बना रही आर्थिक रूप से सबल

बांका में ‘नीतीश संवाद-जीविका के 20 साल बेमिसाल’ का हुआ आय़ोजन- फोटो : चन्द्रशेखर भगत

Banka : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के शुभ अवसर पर बांका के चंद्रशेखर सिंह नगर भवन में जीविका के 20 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘नीतीश संवाद’ का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और जदयू नेताओं ने भाग लेकर ग्रामीण महिला सशक्तीकरण और स्वावलंबन के दो दशकों के स्वर्णिम सफर पर विस्तार से चर्चा की।


जीविका दीदियों को 2 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान — मंत्री दामोदर रावत

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद बिहार सरकार के मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू किया गया 'जीविका' अभियान आज राज्य की करोड़ों महिलाओं की आर्थिक रीढ़ बन चुका है। उन्होंने घोषणा करते हुए बताया कि सरकार द्वारा जीविका दीदियों को दी जाने वाली शुरुआती 10 हजार रुपये की सहायता राशि को बढ़ाकर अब 2 लाख रुपये तक किया जा रहा है, जिससे महिलाएं बड़े स्तर पर अपने व्यवसाय को विस्तार दे सकेंगी।


नक्सल प्रभावित इलाकों में जीविका दीदियों ने लाई विकास की क्रांति — विधायक मनोज यादव

बेलहर विधायक मनोज यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बेलहर जैसे पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में जीविका ने महिलाओं को नया जीवन दिया है। कभी मुख्यधारा से कटे रहने वाले इलाकों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जोड़कर न केवल आर्थिक रूप से सशक्त किया गया, बल्कि उनके आत्मविश्वास को बढ़ाकर समाज में नेतृत्व का अवसर भी प्रदान किया गया है।


बापू के स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के सपनों को साकार कर रही हैं जीविका दीदियां

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वदेशी और ग्राम स्वराज के विजन को आज बिहार की जीविका दीदियां अपने हुनर और रोजगार के जरिए धरातल पर उतार रही हैं। इस अवसर पर जीविका दीदियों ने अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि कैसे जीविका से जुड़कर उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में अभूतपूर्व सुधार आया है।


सांसद प्रतिनिधि, विधायकों और दिग्गजों की रही गरिमामयी मौजूदगी

इस अवसर पर धोरैया विधायक मनीष कुमार, अमरपुर विधायक जयंत राज, बेलहर विधायक मनोज यादव, जदयू प्रदेश महासचिव मनोज कुमार सिंह, रजौन प्रखंड अध्यक्ष अंजनी सर, सांसद प्रतिनिधि संजय पंडित, पूर्व जिला पार्षद पप्पू वर्मा, युवा जदयू नेता हिमांशु कुमार एवं अभिजीत कुमार सहित भारी संख्या में जीविका कर्मी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन "संवाद से संकल्प, संकल्प से विकास और विकास से सशक्त बिहार" के नारे के साथ हुआ।

चंद्रशेखर  भगत की रिपोर्ट