Panchayat Election: परिसीमन पूरा होने के बाद ही पंचायत चुनाव, मंत्री दीपक प्रकाश ने दिया बड़ा संकेत

Panchayat Election: बिहार में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल के बीच पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने बड़ा बयान दिया है।..

परिसीमन पूरा होने के बाद ही पंचायत चुनाव- फोटो : reporter

Panchayat Election: बिहार में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल के बीच पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने बड़ा बयान दिया है। शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर बांका पहुंचे मंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया कि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया परिसीमन पूरा होने के बाद ही आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से फिलहाल परिसीमन का काम कराया जा रहा है। इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चुनाव कार्यक्रम को लेकर अगला फैसला लिया जाएगा।

बांका दौरे के दौरान मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पंचायतों के विकास, पंचायत सरकार भवनों को आधुनिक बनाने और ग्रामीणों तक सरकारी सुविधाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं।

परिसीमन के बाद तय होगा चुनाव कार्यक्रम

पंचायत चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि निर्वाचन आयोग परिसीमन की प्रक्रिया में जुटा है। परिसीमन पूरा होने के बाद ही पंचायत चुनाव की आगे की प्रक्रिया और कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा। इससे साफ है कि फिलहाल चुनाव की तारीखों को लेकर अंतिम तस्वीर परिसीमन की कवायद पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

पंचायत सरकार भवन बनेंगे सुविधा केंद्र

मंत्री ने कहा कि सरकार का मकसद पंचायतों को मजबूत करने के साथ ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं के लिए प्रखंड और जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से निजात दिलाना है। इसी उद्देश्य से पंचायत सरकार भवनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इन भवनों में आधार केंद्र खोलने की भी योजना है।

बांका जिले में आधार केंद्र के लिए 42 स्थानों को चिह्नित किया गया है। सरकार पंचायत सरकार भवनों को महज दफ्तर तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इन्हें ग्रामीणों के लिए स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने वाले सुविधा केंद्र के तौर पर विकसित करने की तैयारी है।

सोलर स्ट्रीट लाइट पर भी जोर

मंत्री ने पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बांका जिले की लगभग सभी पंचायतों में सोलर लाइट लगाने का काम किया जा चुका है। सरकार का जोर ग्रामीण इलाकों में बेहतर रोशनी के साथ बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर है।मंत्री ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाकर गांवों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। पंचायत सरकार भवन, आधार केंद्र और सोलर स्ट्रीट लाइट जैसी योजनाओं के जरिए ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट