Bihar News : बांका में तेल टैंकर से 70 लाख की शराब पुलिस ने किया बरामद, मौके से दो तस्करों को किया गिरफ्तार
Bihar News : होली से पहले बांका में तेल टैंकर पर लोड शराब की बड़ी खेप पुलिस ने बरामद किया है. वहीँ मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया है......पढ़िए आगे
BANKA : होली के त्योहार को देखते हुए शराब तस्करों के खिलाफ बांका पुलिस और उत्पाद विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। बौसी थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने भलजोर चेक पोस्ट पर छापेमारी कर इंडियन ऑयल के एक तेल टैंकर से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। जब्त की गई 6188 लीटर शराब की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 से 70 लाख रुपये आंकी जा रही है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए तेल टैंकर का सहारा लिया था, लेकिन सटीक सूचना ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
यह पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक तेल टैंकर के भीतर विशेष चैंबर बनाकर अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है, जिसे आगामी होली पर्व के दौरान जिले के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई किया जाना था। सूचना मिलते ही भलजोर चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान जब संबंधित इंडियन ऑयल टैंकर को रोककर उसकी बारीकी से तलाशी ली गई, तो उसके अंदर छिपाई गई विदेशी शराब की पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस ने मौके से टैंकर को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खगड़िया जिले के लोहियानगर चित्रगुप्त नगर निवासी बलवीर पासवान और ऋषि देव पासवान के रूप में हुई है। इन दोनों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस इनसे शराब के मुख्य सिंडिकेट के बारे में पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह खेप बड़े पैमाने पर मुनाफे के लिए मंगवाई गई थी।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि होली के मद्देनजर शराब माफिया काफी सक्रिय हो गए हैं, जिसे देखते हुए पूरे जिले में विशेष चौकसी बरती जा रही है। विभाग की मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले महज एक महीने के भीतर बांका जिले में लगभग तीन करोड़ रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। इस सफल अभियान में एएसआई संजय पासवान, भूपेंद्र सिंह और बौसी थाना के सशस्त्र बल के साथ-साथ उत्पाद विभाग की पूरी टीम शामिल रही।
इस बड़ी बरामदगी के बाद शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सीमावर्ती इलाकों में गश्त और तेज की जाएगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और बांका में इसे किन-किन ठिकानों पर उतारा जाना था।
चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट