पुलिस की तत्परता से साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली बड़ी राहत, बैंक खाते में रिफंड हुई ठगी की पूरी रकम

Banka : साइबर अपराध के खिलाफ बांका पुलिस की तत्परता से एक पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। फर्जी लिंक के जरिए 10 हजार रुपये की ठगी के शिकार हुए अकबर कुमार की पूरी राशि साइबर थाना बांका की सक्रियता और तकनीकी कार्रवाई के बाद सफलतापूर्वक उनके बैंक खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया है।


MRM पोर्टल से ट्रैक कर पुलिस ने रुकवाई राशि

जानकारी के मुताबिक, अकबर कुमार के बैंक खाते से फर्जी लिंक पर क्लिक होते ही 10 हजार रुपये कट गए थे। मामले की जानकारी मिलते ही बांका साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने MRM (मनी रिफंड/रिमोट) पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंकिंग ट्रांजैक्शन को ट्रैक किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए ठगी गई पूरी राशि पीड़ित के खाते में रिफंड करा दी।


साइबर ठगी होते ही तुरंत 1930 पर करें कॉल

सफलतापूर्वक राशि रिफंड कराने के बाद बांका पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं। घटना होते ही बिना समय गंवाए तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि जितनी जल्दी सूचना दी जाएगी, ठगी गई राशि को होल्ड कराने और वापस दिलाने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।


गोपनीय जानकारी साझा न करने की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों को सतर्क करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। इसके अलावा अपना ओटीपी (OTP), एटीएम/डेबिट कार्ड का विवरण, बैंक पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट