Bihar Road Accident: बांका में सुबह-सुबह मौत का तांडव, ट्रैक्टर से टकराई बाइक, युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
Bihar Road Accident: सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशहाल परिवार की खुशियां छीन लीं।...
Bihar Road Accident: सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशहाल परिवार की खुशियां छीन लीं। बांका जिले के अमरपुर-शंभूगंज मुख्य मार्ग पर शोभानपुर गांव के समीप ट्रैक्टर और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत में दूध बेचने जा रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को आनन-फानन में अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में गम का माहौल छा गया।
दूध बेचने निकले महेंद्र, रास्ते में बादल को दी लिफ्ट
मृतक की पहचान शोभानपुर गांव निवासी महेंद्र कापरी के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक बादल कुमार भी इसी गांव का रहने वाला है। मिली जानकारी के मुताबिक, महेंद्र मंगलवार की सुबह अपनी बाइक से दूध बेचने के लिए इंग्लिश मोड़ की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गांव का बादल कुमार कोचिंग जाने के लिए सड़क किनारे खड़ा था। महेंद्र को बाइक से जाते देखकर उसने लिफ्ट मांगी। महेंद्र ने भी उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। दोनों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही दूर आगे उनका सामना एक खौफनाक हादसे से होने वाला है।
सामने से आई दूसरी बाइक, बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर से टक्कर
बताया जा रहा है कि शोभानपुर गांव से कुछ दूरी आगे बढ़ने पर सामने से एक ट्रैक्टर आ रहा था। इसी दौरान सामने की ओर से एक दूसरी बाइक भी आ गई। दूसरी बाइक को बचाने की कोशिश में महेंद्र अपनी बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके और बाइक ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कवायद शुरू हुई।
अस्पताल में महेंद्र की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महेंद्र कापरी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बादल कुमार का इलाज जारी है। महेंद्र की मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सुबह घर से दूध बेचने निकले महेंद्र की मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर अमरपुर थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत को उजागर किया है।
रिपोर्ट- चंद्रशेखर भगत