Bihar News : बांका में बालू माफिया का दुस्साहस, खनन टीम पर किया जानलेवा हमला, पुलिस गाड़ी और जेसीबी के शीशे तोड़े, 28 नामजद
Bihar News : बांका में अवैध बालू खनन के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान से बौखलाए बालू माफियाओं ने खनन विभाग की टीम और पुलिस बल पर जानलेवा हमला कर दिया....पढ़िए आगे
BANKA : जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई से बौखलाए बालू माफियाओं ने सोमवार को खनन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। बांका थाना क्षेत्र के लकड़ीकोला स्थित चांदन नदी घाट पर छापेमारी के दौरान करीब 30-40 की संख्या में पहुंचे अवैध खननकर्ताओं ने खनन टीम और पुलिस बल पर पत्थर एवं डंडों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में खनन इंस्पेक्टर आदित्य राज सहित टीम के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।हमले के दौरान बांका थाना की पुलिस गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। वहीं खनन विभाग के वाहन और जब्त वाहनों को निकालने के लिए मौके पर पहुंची जेसीबी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हमलावरों ने जेसीबी चालक का मोबाइल फोन भी छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
दो ट्रैक्टर जब्त करने के बाद भड़का आक्रोश
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन के निर्देश पर खनन विभाग की टीम लगातार विभिन्न बालू घाटों पर अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ छापेमारी अभियान चला रही है। इसी क्रम में खनन इंस्पेक्टर आदित्य राज पुलिस बल के साथ लकड़ीकोला स्थित चांदन नदी घाट पर पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टरों को जब्त किया।जब्त ट्रैक्टरों को घाट से थाना लाने के दौरान चालकों ने कथित तौर पर वाहनों को जानबूझकर रास्ते में फंसा दिया। इसके बाद वाहनों को निकालने के लिए जेसीबी मंगाई गई। इसी दौरान बड़ी संख्या में अवैध खननकर्ता और बालू माफिया मौके पर पहुंच गए और टीम को घेरकर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने पत्थर और डंडे बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए हमले से खनन टीम और पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। किसी तरह टीम ने वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।
वीडियोग्राफी के आधार पर 28 नामजद
घटना के दौरान खनन विभाग की टीम द्वारा की गई वीडियोग्राफी को पुलिस कार्रवाई का आधार बनाया गया है। मामले में बांका थाना में प्राथमिकी दर्ज कर 28 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस और खनन विभाग की टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। वीडियो फुटेज के आधार पर हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।
सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिला खनन पदाधिकारी बलवंत कुमार ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई में बाधा डालने, खनन टीम पर हमला करने तथा सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
4.24 लाख रुपये का दंड भी अधिरोपित
अवैध खनन से हुई राजस्व क्षति के मामले में संबंधित पक्ष पर 4.24 लाख रुपये का दंड भी अधिरोपित किया गया है। प्रशासन की लगातार कार्रवाई और प्राथमिकी के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन और सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट