बांका में सनसनीखेज वारदात: मकई के खेत से महिला का अर्धजला शव बरामद, जमीन विवाद में हत्या की आशंका

मकई के खेत से महिला का अर्धजला शव बरामद- फोटो : चन्द्रशेखर भगत

Banka : बांका थाना क्षेत्र के ओल्हानी गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने मकई के खेत में एक महिला का अर्धजला शव देखा। खेत में शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।


कुल्हाड़ी से वार कर हत्या के बाद शव जलाने का प्रयास

मृतका की पहचान ओल्हानी गांव निवासी 50 वर्षीय मंजू देवी के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले महिला पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या की और फिर पहचान छिपाने व साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जलाने की कोशिश की।


जमीन विवाद का आरोप, देवर समेत परिजन फरार

घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद के कारण ही इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद से ही मृतका का देवर और परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हैं, जिससे पुलिस का शक गहरा गया है।


एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक (FSL) टीम को मौके पर बुलाया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। इसके बाद पुलिस ने शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।


पुलिस का दावा: जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला पूरी तरह संदिग्ध है और हर संभावित बिंदु से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट