Bihar School News: प्रधानाध्यापक की गिरफ्तारी पर भड़कीं छात्राएं, NH किया जाम, बोलीं- निष्पक्ष जांच के बाद हो कार्रवाई

Bihar School News: उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को छात्र-छात्राओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।....

प्रधानाध्यापक की गिरफ्तारी पर भड़कीं छात्राएं- फोटो : reporter

Bihar School News: बांका बाराहाट प्रखंड के सबलपुर स्थित गांधी उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को छात्र-छात्राओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में विद्यालय के विद्यार्थियों ने NH-333A को जाम कर प्रदर्शन किया और प्रधानाध्यापक को निर्दोष बताते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग उठाई। सड़क पर छात्रों के उतरने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास कुमार पर विद्यालय की एक नाबालिग छात्रा ने कथित छेड़खानी का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही विद्यालय के छात्र-छात्राओं में नाराजगी देखने को मिली और सोमवार को उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना था कि प्रधानाध्यापक पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए। छात्रों ने मांग की कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया जाए और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राएं प्रधानाध्यापक के समर्थन में नारे लगाते भी नजर आए।

विद्यार्थियों का आरोप था कि मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल किए बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि आरोपों की वास्तविकता की जांच की जाए और यदि जांच में आरोप सही नहीं पाए जाते हैं तो प्रधानाध्यापक को तत्काल राहत दी जाए। छात्रों ने यह भी कहा कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।

इधर, सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने स्थिति को शांत करने तथा यातायात बहाल कराने की कोशिश की। काफी समझाइश के बाद जाम समाप्त कराने की दिशा में प्रयास किया गया।

फिलहाल मामले को लेकर विद्यालय परिसर से लेकर सड़क तक माहौल गर्म है। एक ओर पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरी ओर छात्र उनके समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। ऐसे में अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। आरोपों की सच्चाई और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट