Bihar News : बांका में चांदन नदी रेलवे पुल के पास मिला युवक का शव, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
Bihar News : बांका के चांदन नदी रेलवे पुल के समीप सोमवार की सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया........पढ़िए आगे
BANKA : बांका के चांदन नदी रेलवे पुल के समीप सोमवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सहरसा जिले के सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के दितवारी गांव निवासी रूपेश कुमार (30), पिता मणिकांत यादव के रूप में हुई है। रूपेश वाहन चालक था। मिली जानकारी के अनुसार, रूपेश कुमार चार सितंबर को बोलेरो लेकर देवघर जाने की बात कहकर घर से निकला था।
बताया जा रहा है कि उसे बोलेरो को देवघर पहुंचा कर वापस लौटना था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच सोमवार सुबह चांदन नदी रेलवे पुल के पास युवक का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में मौके पर पहुंचे स्वजनों ने शव की पहचान रूपेश कुमार के रूप में की।
घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने युवक की मौत ट्रेन से गिरने के कारण होने की बात बताई। वहीं, पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। इस वजह से मामले में हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि युवक की कहीं अन्यत्र हत्या करने के बाद शव को रेलवे पुल के समीप लाकर फेंका गया हो। हालांकि पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है।पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही युवक के देवघर जाने और उसके बाद की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।
चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट