Bihar News: हाथ-पैर धोने उतरीं चार छात्राएं, गहरे पानी में डूबीं, दो की दर्दनाक मौत

Bihar News: स्कूल से घर लौट रही चार छात्राएं दर्दनाक हादसे का शिकार हो गईं। ...

हाथ-पैर धोने उतरीं चार छात्राएं- फोटो : reporter

Bihar News: गया के गुरुआ थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम स्कूल से घर लौट रही चार छात्राएं दर्दनाक हादसे का शिकार हो गईं। नवाबचक गांव के पास स्थित आहार में हाथ-पैर धोने के दौरान अचानक एक छात्रा का पैर फिसल गया। उसे बचाने की कोशिश में बाकी छात्राएं भी गहरे पानी में चली गईं। हादसे में दो छात्राओं की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

मृत छात्राओं की पहचान 12 वर्षीय शिवानी कुमारी और 12 वर्षीय सुप्रिया कुमारी के रूप में हुई है। दोनों आदर्श मध्य विद्यालय तारोबा में सातवीं कक्षा की छात्राएं थीं। शिवानी के पिता अमरेंद्र यादव और सुप्रिया के पिता मनोज चौधरी बताए गए हैं। घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद चारों छात्राएं एक साथ अपने घर लौट रही थीं। नवाबचक गांव के समीप आहार में पहुंचने के बाद वे हाथ-पैर धोने लगीं। इसी दौरान एक छात्रा का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे डूबता देख दूसरी छात्राओं ने बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वे भी मुश्किल में फंस गईं।

छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पानी में उतरकर चारों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को गुरुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने शिवानी और सुप्रिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य छात्राओं की जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों छात्राओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्ट- प्रेमशंकर