पटना कोतवाली इलाके में बच्चे का लॉकेट काटने वाला शातिर मोहम्मद दानिश गिरफ्तार: वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
राजधानी पटना के व्यस्त कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट कैंची से काटने वाले शातिर बदमाश मोहम्मद दानिश को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया है....
Patna : राजधानी पटना के व्यस्त कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट कैंची से काटने वाले शातिर बदमाश मोहम्मद दानिश को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में गर्दनीबाग इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से खुला मामला
घटना से चार दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में जीपीओ और पटना जंक्शन गोलंबर के बीच एक महिला अपने बच्चे को लेकर कहीं जा रही थी, तभी यह बदमाश शातिर तरीके से बच्चे के गले से सोने का लॉकेट कैंची से काटने लगा। इसी दौरान बच्चे की मां की नजर उस पर पड़ गई और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों ने पकड़ा और की जमकर पिटाई
महिला के चिल्लाने पर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और बदमाश को दबोच लिया। गुस्से में लोगों ने बीच सड़क पर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद डरकर बदमाश ने लॉकेट वापस महिला को सौंप दिया। हालांकि, उस समय स्थानीय लोगों ने उसे पुलिस को सौंपने के बजाय छोड़ दिया, लेकिन किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई
वायरल वीडियो के संज्ञान में आते ही पटना पुलिस हरकत में आई और कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की गई। वीडियो फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पहचान करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद दानिश को कोतवाली इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व में भी चोरी और अन्य मामलों में जेल जा चुका है आरोपी
जांच-पड़ताल के दौरान यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी दानिश का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी दो बार चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल की हवा खा चुका है। विधि-व्यवस्था डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है।