छपरहिया धर्मशाला के संस्थापक शिव जी कुंवर की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा : दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, वृक्षारोपण और भंडारे का आयोजन

कटोरिया (डुमरिया) स्थित कांवरिया पथ के प्रसिद्ध छपरहिया धर्मशाला के संस्थापक श्रद्धेय शिव जी कुंवर उर्फ शिवजटा कुंवर की छठी पुण्यतिथि रविवार, 1 नवंबर 2026 को पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई...

छपरहिया धर्मशाला के संस्थापक शिव जी कुंवर की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा- फोटो : रिपोर्टर

Banka : जिले के कटोरिया (डुमरिया) स्थित कांवरिया पथ के प्रसिद्ध छपरहिया धर्मशाला के संस्थापक श्रद्धेय शिव जी कुंवर उर्फ शिवजटा कुंवर की छठी पुण्यतिथि रविवार, 1 नवंबर 2026 को पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर धर्मशाला परिसर में एक ओर जहां वृक्षारोपण और महाप्रसाद (भंडारे) का आयोजन किया गया, वहीं दूसरी ओर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनके लोककल्याणकारी और सेवाभावी कार्यों को याद किया गया।


पुत्र संजीव कुमार व परिजनों ने आदमकद प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प, लगाए फलदार पौधे 

कार्यक्रम की शुरुआत उनके पुत्र संजीव कुमार उर्फ मोनी एवं अन्य परिजनों द्वारा छपरहिया धर्मशाला परिसर में स्थापित शिव जी कुंवर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद उनकी स्मृति को चिरस्थाई बनाने के लिए परिसर में फलदार पौधे रोपे गए। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि मनुष्य जीवन नश्वर है, लेकिन अच्छे कर्म और समाजहित में किए गए सकारात्मक कार्य पीढ़ियों तक प्रेरणा का स्रोत बने रहते हैं।


शिवभक्तों की सेवा के लिए कांवरिया पथ पर खड़ी की थी विशाल धर्मशाला 

वक्ताओं ने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि छपरा जिले के मढ़ौरा थाना अंतर्गत बरदहिया गांव में जन्मे शिवजटा कुंवर ने कटोरिया के कांवरिया पथ पर सावन के दौरान शिवभक्तों को होने वाली कठिनाइयों को दूर करने का संकल्प लिया था। इसी सेवा भाव के तहत उन्होंने अपने अथक परिश्रम से छपरहिया धर्मशाला का निर्माण कराया, जहां कांवरियों के ठहरने और भोजन समेत तमाम आवश्यक सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था की जाती है। उनका यह प्रयास पीड़ित मानवता और सनातन संस्कृति के प्रति अटूट समर्पण का अनूठा उदाहरण है।


विभिन्न गणमान्य लोग रहे उपस्थित, महाप्रसाद ग्रहण कर लोगों ने लिए संकल्प 

श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से भाजपा प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी, सनातन सेवक संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार, बंटी शर्मा, रामसुंदर प्रसाद सिंह, कुमार पंकज, पशुपतिनाथ दुबे, जयंती कुमारी, रूमा कुमारी, आकांक्षा कुमारी, आकर्ष रुद्र साईं एवं प्रियांशी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया तथा शिव जी कुंवर के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।