Bihar News : बांका में निपुण 2.0 योजना के तहत चयनित हुआ उर्दू प्राथमिक विद्यालय बिदायडीह, दिल्ली से पहुंची शिक्षा विशेषज्ञों की टीम ने किया निरीक्षण
Bihar News : भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की 'निपुण 2.0' फील्ड विजिट योजना के तहत देश के सात राज्यों के चुनिंदा विद्यालयों में बिहार से एकमात्र बांका जिले के उर्दू प्राथमिक विद्यालय बिदायडीह को शामिल किया गया है।
BANKA : बिहार के बांका जिले के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की निपुण 2.0 फील्ड विजिट योजना के तहत देश के सात राज्यों के चयनित विद्यालयों में बिहार से उर्दू प्राथमिक विद्यालय बिदायडीह को शामिल किया गया है। इसी क्रम में शनिवार को दिल्ली से पहुंची शिक्षा विशेषज्ञों की टीम ने विद्यालय का भ्रमण कर वहां संचालित शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। टीम में शिक्षा विशेषज्ञ श्रीमती स्वाति नायक एवं शिवानी पारखी शामिल थीं।
बच्चों की सक्रिय भागीदारी और गतिविधि आधारित शिक्षण ने किया प्रभावित
विद्यालय भ्रमण के दौरान टीम ने बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। इस दौरान खेल, कहानी, संवाद और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाई कराने की पद्धति, शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) का उपयोग तथा सहपाठी शिक्षण (पीयर लर्निंग) जैसी गतिविधियों का अवलोकन किया गया।टीम ने बच्चों की सक्रिय भागीदारी, उनके आत्मविश्वास, जिज्ञासा और सीखने के प्रति उत्साह को भी देखा। बच्चों ने उत्साहपूर्वक टीम के सदस्यों से संवाद किया और अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। विद्यालय में संचालित गतिविधियों और बच्चों की सहभागिता से प्रभावित होकर टीम ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।
प्रधान शिक्षिका के नेतृत्व में शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित प्रधान शिक्षिका खुशबू कुमारी के नेतृत्व में विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ शिक्षण पद्धतियों में नवाचार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बच्चों को रोचक और गतिविधि आधारित तरीकों से पढ़ाने के प्रयासों से विद्यालय में सीखने का बेहतर माहौल तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।विद्यालय के निरीक्षण के दौरान बांका जिला शिक्षा विभाग की टीम भी मौजूद रही। जिला टीम का नेतृत्व गुणवत्ता शिक्षा जिला समन्वयक मनोहर सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद शाहिद रजा सहित ग्रामीण भी उपस्थित रहे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी से भी हुई चर्चा
दिल्ली से आई केंद्रीय टीम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी देवनारायण पंडित से भी संवाद किया। इस दौरान जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों और सामने आ रही चुनौतियों पर चर्चा की गई।बांका के उर्दू प्राथमिक विद्यालय बिदायडीह का निपुण 2.0 के तहत चयन सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और बच्चों की बुनियादी दक्षताओं को विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का अवसर है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि शिक्षकों के समर्पण, नवाचार और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सरकारी विद्यालय भी शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट