रक्षाबंधन पर ननिहाल आए मासूम की पोखर में डूबने से मौत, तीन बहनों की इकलौता था भाई

पोखर में डूबने से मासूम की मौत- फोटो : चन्द्रशेखर भगत

Banka : जिले के अमरपुर नगर पंचायत क्षेत्र स्थित बनाहारा गांव में रक्षाबंधन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक 10 वर्षीय मासूम की पोखर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बालक की पहचान भादरिया निवासी नवीन तांती के पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है। सत्यम त्यौहार मनाने अपने ननिहाल आया हुआ था। रविवार को वह दोस्तों के साथ अमरपुर शहर स्थित चांसार पोखर में नहाने गया था, जहां यह हादसा हुआ।


दोस्तों के शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीण 

पोखर में नहाने के दौरान सत्यम अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख साथ गए बच्चों ने बचाओ-बचाओ का शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पोखर में छलांग लगाकर काफी मशक्कत के बाद बालक को बाहर निकाला।


अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया 

पानी से निकालने के तुरंत बाद अचेत बालक को आनन-फानन में अमरपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल परिसर में परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।


तीन बहनों का इकलौता भाई था सत्यम 

मृतक सत्यम अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कलाई पर राखी बंधवाने ननिहाल आए इकलौते भाई की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है और त्यौहार के दिन हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।


इलाके में पसरा सन्नाटा और शोक की लहर 

मासूम की असमय मौत की खबर मिलते ही बनाहारा और भादरिया गांव समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। खुले पोखरों में बच्चों के जाने से हुए इस हादसे के बाद ग्रामीण क्षेत्र में गहरा मातम छाया हुआ है।

चन्द्रशेखर की रिपोर्ट