Bihar News : बांका में संदिग्ध परिस्थिति में युवती की हुई मौत, पेड़ से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस व FSL की टीम

Bihar News : बांका थाना क्षेत्र के ककवारा पंचायत अंतर्गत मोहरिया गांव में रविवार की सुबह उस समय अचानक सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय युवती का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ पाया गया।

पेड़ से लटका मिला युवती का शव - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : बांका थाना क्षेत्र के ककवारा पंचायत अंतर्गत मोहरिया गांव में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 22 वर्षीय युवती का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान मोहरिया गांव निवासी प्रकाश राय की पुत्री निशा कुमारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह करीब 10 बजे परिजनों की नजर युवती के शव पर पड़ी। पेड़ से शव लटका देख परिवार के लोगों के होश उड़ गए। परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। इसके बाद घटना की सूचना पंचायत के मुखिया को दी गई। मुखिया प्रतिनिधि सुनील यादव मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी बांका थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बांका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्यों को सुरक्षित किया।पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट