150 साल पुरानी रुदौली काली मंदिर का हुआ जीर्णोद्धार, सतचंडी महायज्ञ को लेकर ध्वजारोहण के साथ शंखनाद

बेगूसराय जिले के रुदौली पंचायत स्थित 150 साल पुरानी काली मंदिर के जीर्णोद्धार होने के मौके भव्य शोभायात्रा निकाली गई। वहीं सतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया है। यहां मौनी अमावस्या से बसंत पंचमी तक धार्मिक अनुष्ठान चलेंगे ...

150 साल पुरानी रुदौली काली मंदिर का हुआ जीर्णोद्धार- फोटो : अजय शास्त्री

Begusarai : जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रुदौली पंचायत स्थित करीब 150 वर्ष पुराने मां काली मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य पूरा होने के बाद सतचंडी सह भगवती प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में आयोजित भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम में हजारों ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर परिसर की जर्जर स्थिति को देखते हुए फतेहा ठकुरवाड़ी के पूर्व महंत स्वर्गीय श्री 108 श्री राम सुमीरन दास जी महाराज ने जीर्णोद्धार की पहल शुरू की थी, जिनके निधन के बाद फतेहधाम ठाकुरबाड़ी के वर्तमान महंत श्री 108 श्री आत्माराम जी महाराज ने कार्य को आगे बढ़ाकर पूरा कराया।


धार्मिक ध्वजा के साथ पूरे पंचायत में निकली शोभायात्रा, महायज्ञ की हुई आधिकारिक घोषणा

ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान हजारों ग्रामीणों ने हाथों में धार्मिक ध्वजा लेकर पूरे पंचायत में शोभायात्रा निकाली और इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार व जयकारों के बीच मंदिर परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर महंत श्री आत्माराम जी महाराज ने सतचंडी सह भगवती प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के आयोजन की आधिकारिक घोषणा की।


गंगा पूजन व कलश शोभायात्रा से होगी शुरुआत, मौनी अमावस्या से बसंत पंचमी तक होंगे अनुष्ठान

महंत श्री आत्माराम जी महाराज ने जानकारी दी कि महायज्ञ की शुरुआत गंगा पूजन और भव्य कलश शोभायात्रा के साथ की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत मौनी अमावस्या से लेकर बसंत पंचमी तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के बीच सतचंडी महायज्ञ और भगवती प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा।


धार्मिक विरासत को संजोने का माध्यम बनेगा आयोजन, स्थानीय नेताओं ने साझा किए विचार

ग्रामीणों ने कहा कि लगभग डेढ़ सौ साल पुराना यह मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था व विश्वास का प्रतीक है और इसके जीर्णोद्धार व महायज्ञ से आने वाली पीढ़ियों के लिए भी धार्मिक विरासत संजोने में मदद मिलेगी। इस मौके पर भाजपा नेता नवदीप रंजन और राष्ट्रीय जनता दल के नेता रामशंकर सिंह ने भी मीडिया से बातचीत करते हुए आयोजन को क्षेत्र की आस्था, सामाजिक एकता व सांस्कृतिक विरासत से जोड़ा।


श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के माहौल में तैयारी जारी

जीर्णोद्धार के बाद रुदौली के प्राचीन मां काली मंदिर में होने वाला यह महायज्ञ क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और एकजुटता का केंद्र बनने जा रहा है। ध्वजारोहण के साथ शुरू हुई तैयारियों को लेकर श्रद्धालुओं व ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


अजय शास्त्री की रिपोर्ट