पटना में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, घटनास्थल से पिस्टल बरामद
मृतक की पहचान रोशन कुमार (19) के रूप में हुई है। वह प्रमोद राय का पुत्र था और करंज रोड स्थित न्यू ताराचक इलाके का रहने वाला था। परिजनों के मुताबिक, रोशन बुधवार सुबह करीब 7:15 बजे अपनी बाइक लेकर घर से निकला था।
Bihar News : राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर हत्या की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी है। बुधवार सुबह दानापुर थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात झटपटटिया हनुमान मंदिर के पास की है। युवक को सिर में गोली मारी गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की है, जिसके बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
बाइक से घर से निकला था रोशन, रास्ते में मारी गोली
मृतक की पहचान रोशन कुमार (19) के रूप में हुई है। वह प्रमोद राय का पुत्र था और करंज रोड स्थित न्यू ताराचक इलाके का रहने वाला था। परिजनों के मुताबिक, रोशन बुधवार सुबह करीब 7:15 बजे अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। कुछ ही देर बाद उसके साथ गोलीबारी की घटना हो गई।
गोली सीधे उसके सिर में लगी। वारदात की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक रोशन की जान जा चुकी थी। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
घटनास्थल से पिस्टल बरामद
हत्या की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। दिन निकलते ही हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। घटनास्थल से पुलिस को एक पिस्टल मिली है। हालांकि, यह पिस्टल किसकी है और हत्या में इसका क्या इस्तेमाल हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। साथ ही वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है।
कुलदीप भरद्वाज की रिपोर्ट