अगले 48 घंटों में होगी बड़ी घोषणा: बेतिया-कुमारबाग रेलखंड के दोहरीकरण कार्य का DRM ने किया फाइनल निरीक्षण, जल्द शुरू होगा परिचालन

बेतिया से रेल सुविधाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण खबर सामने आ रही है। समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ने दोहरीकरण कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं।

बेतिया-कुुमारबाग दोहरीकरण का डीआरएम ने किया निरीक्षण।- फोटो : आशिष

Bettihah : पश्चिम चम्पारण जिले के बेतिया और कुमारबाग के बीच चल रहे रेलवे दोहरीकरण (Doubling) के कार्यों का जायजा लेने के लिए समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा बेतिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलखंड पर हो रहे कार्यों की प्रगति को बारीकी से देखा और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

समीक्षा बैठक और समयबद्धता पर जोर 

डीआरएम ने दोहरीकरण कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता (Quality) और उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलखंड का दोहरीकरण यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक होगा, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बेतिया रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण 

समीक्षा बैठक के बाद डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने बेतिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के प्लेटफार्म, यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और अन्य संरचनात्मक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

घोषणा की तैयारी में रेल प्रशासन 

वीडियो बाइट में डीआरएम ने जानकारी दी कि बेतिया और कुमारबाग के बीच दोहरीकरण का कार्य अंतिम चरणों की तैयारियों में है। उन्होंने बताया कि अगले एक से दो दिनों के भीतर रेलवे आधिकारिक रूप से यह घोषणा करेगा कि किस तारीख से इस नए रेलखंड पर कार्य पूर्ण रूप से शुरू हो जाएगा। वर्तमान में परियोजना से पहले की प्रस्तुति और अंतिम जांच का काम तेजी से चल रहा है।

यात्री सुविधाओं में होगा विस्तार 

रेलवे के इस कदम से क्षेत्र में ट्रेनों की आवाजाही सुगम होगी और ट्रेनों के समय पालन में भी सुधार होगा। डीआरएम के इस दौरे से रेल कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच कार्यों को लेकर सक्रियता बढ़ गई है। स्टेशन पर साफ-सफाई और सुरक्षा के मानकों को लेकर भी उन्होंने कड़े निर्देश जारी किए हैं।

रिपोर्ट - आशीष, बेतिया