Bihar Vigilance: 57 लाख के टेंडर में 10 प्रतिशत कमीशन लेते जेई रंगे हाथ गिरफ्तार,निगरानी की टीम ने 5 लाख कैश, स्मार्ट घड़ी लेते धर दबोचा
Bihar Vigilance: निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के अड्डे पर जोरदार छापा मारते हुए शिक्षा विभाग के सहायक अभियंता को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।...
Bihar Vigilance: निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के अड्डे पर जोरदार छापा मारते हुए शिक्षा विभाग के सहायक अभियंता रौशन कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह सनसनीखेज कार्रवाई विशेष निगरानी इकाई की टीम ने पश्चिम चंपारण के बेतिया में जिला शिक्षा कार्यालय में की, जहां आरोपी अफसर 57 लाख रुपये के रिपेयरिंग टेंडर के एवज में 10 प्रतिशत कमीशन की डिमांड कर रहा था।
पुलिस उपाधीक्षक सुधीर कुमार ने खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी जेई एक संवेदक से बिल भुगतान के बदले 5 लाख रुपये नकद रिश्वत ले रहा था। शिकायतकर्ता संवेदक ने पहले ही विजिलेंस विभाग में लिखित अर्जी देकर इस घूसखोरी का पर्दाफाश किया था। पुख्ता सबूत मिलने के बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछाया और सोमवार शाम जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के समीप रौशन कुमार को पांच लाख रुपये के साथ धर दबोचा।स्पेशल विजिलेंस यूनिट टीम की छापेमारी में धनकुबेर भ्रष्टाचार में संलिप्त बिहार सरकार के अधिकारी के घर से 42 लाख 50 हजार कैश बरामद हुआ है चल और अचल संपत्ति की जांच जारी है ।
कार्रवाई के दौरान दफ्तर में अफरा-तफरी मच गई। निगरानी टीम ने मौके पर ही पूछताछ शुरू कर दी और जरूरी दस्तावेज जब्त किए। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को साथ लेकर टीम पटना के लिए रवाना हो गई, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों की मानें तो 57 लाख रुपये के कार्य का भुगतान कराने के लिए 10 प्रतिशत यानी करीब साढ़े पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले साल भी जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीकांत प्रवीण को लाखों रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया था। एक साल के भीतर शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार की यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिसने महकमे की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब निगरानी विभाग पश्चिम चंपारण जिला शिक्षा कार्यालय के अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी तहकीकात कर रहा है। प्राथमिक जांच में यह साफ हुआ है कि यहां लाखों का लेनदेन खुल्लम-खुल्ला चलता रहा है। विजिलेंस की इस सख्त कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और भ्रष्ट अफसरों में खौफ का माहौल है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार