समस्तीपुर से वाल्मीकिनगर तक ट्रेनों की लेटलतीफी होगी खत्म: बेतिया में बोले DRM—तीन दिनों में पूरा होगा दोहरीकरण का काम
बेतिया-कुमारबाग रेलखंड पर दोहरीकरण के कार्यों को अंतिम रूप देने के लिए समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी तीन दिनों के रेल ब्लॉक के भीतर दोहरीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा
Bettiah - : समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ज्योति प्रकाश मिश्रा शुक्रवार को बेतिया पहुंचे। उन्होंने बेतिया और कुमारबाग के बीच चल रहे रेलखंड दोहरीकरण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे के ब्लॉक अवधि में किए जा रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।
अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक और आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के उपरांत डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में कार्यों की समयबद्धता और गुणवत्ता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। ज्योति प्रकाश मिश्रा ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और तय समय सीमा के भीतर सभी संरचनात्मक कार्यों को पूर्ण कर लिया जाए।
स्टेशन का निरीक्षण और यात्री सुविधाओं की पड़ताल
समीक्षा बैठक के बाद डीआरएम ने बेतिया रेलवे स्टेशन का भी सघन निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफार्म की साफ-सफाई, यात्री प्रतीक्षालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। यात्रियों की सुविधा को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने स्टेशन परिसर में आवश्यक सुधार और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
अंतिम चरण में है तीन महत्वपूर्ण खंडों का काम
प्रेस वार्ता के दौरान डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने बताया कि वाल्मीकिनगर-बगहा, बेतिया-कुमारबाग और मझौलिया-बेतिया के बीच दोहरीकरण का कार्य अब अपने अंतिम चरण में है। आगामी तीन दिनों के रेल ब्लॉक के दौरान इन कार्यों को पूरी तरह संपन्न कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेलवे का पूरा फोकस अब इन खंडों को जोड़ने और संचालन के लिए तैयार करने पर है।
ट्रेनों की लेटलतीफी होगी खत्म, बढ़ेगी रफ्तार
डीआरएम ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि समस्तीपुर से वाल्मीकिनगर तक पूरे रेलखंड का दोहरीकरण पूर्ण होने के बाद ट्रेनों के विलंब से चलने की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। इससे न केवल ट्रेनों की संख्या में इजाफा होगा, बल्कि यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ तेज और सुगम रेल यात्रा का अनुभव भी मिलेगा।
बेतिया से आशीष की रिपोर्ट